पतंजलि योग भवन चीका में रामनवमी पर हवन में भाग लेते सदस्य।
गुहला-चीका। मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव रामनवमी और स्वामी रामदेव संन्यास दीक्षा दिवस के उपलक्ष्य में पतंजलि योग भवन, चीका में शुक्रवार सुबह हवन यज्ञ का आयोजन किया गया। इसमें आहुतियां देकर लोगों ने धर्ममय जीवन का संकल्प लिया। यज्ञ का संचालन ब्रह्मा पुरोहित सत्यवीर शास्त्री ने विधि-विधान से कराया, जबकि मुख्य यजमान के रूप में शीशपाल प्रजापति उपस्थित रहे। पतंजलि जिला प्रभारी आचार्य हरिओम ने कहा कि यह केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि वातावरण की शुद्धि, मानसिक शांति और सामाजिक एकता का सशक्त माध्यम है। अंत में भगवान श्रीराम की महिमा का गुणगान करते हुए भजन प्रस्तुत किए गए। इस अवसर पर आर्य समाज फाउंडेशन के प्रधान सुरेंद्र आर्य, पतंजलि तहसील प्रभारी विक्की आर्य, युवा प्रभारी महावीर उपस्थित रहे। संवाद