संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। बाबा मुकट नाथ खेल क्लब की ओर से तार पट्टी में आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता में विक्की ढुल की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया। शुक्रवार को हुए नॉकआउट टूर्नामेंट में कुल 32 टीमों ने भाग लिया। विजेता टीम को 51 हजार रुपये का पुरस्कार दिया गया।
बाएं हाथ की फिरकी गेंदबाज, बल्लेबाज और कप्तान साक्षी तथा उपकप्तान सोनल का प्रदर्शन पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन रहा। आयोजन समिति ने बताया कि इस प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं में खेल भावना को बढ़ावा देना, उन्हें नशे और सामाजिक बुराइयों से दूर रखकर स्वस्थ जीवन के लिए प्रेरित करना है।
फाइनल मुकाबला तार पट्टी और सिसला गांव के बीच खेला गया। निर्धारित 12 ओवर में टीम ने 99 रन बनाए, जिसके जवाब में तार पट्टी की टीम ने 11 ओवर में ही लक्ष्य प्राप्त कर छह विकेट से जीत दर्ज की और खिताब अपने नाम किया।
विजेता टीम को ट्रॉफी के साथ 51 हजार रुपये नकद पुरस्कार दिया गया, जबकि उपविजेता सिसला गांव की टीम को ट्रॉफी के साथ 21 हजार रुपये प्रदान किए गए। टूर्नामेंट में सुमित को ‘मैन ऑफ द मैच’ और जयेंद्र रावत को ‘मैन ऑफ द सीरीज’ चुना गया। क्लब ने कहा कि ऐसे आयोजन ग्रामीण क्षेत्रों में खेल संस्कृति मजबूत करने और युवाओं को सकारात्मक दिशा देने में अहम भूमिका निभाते हैं।