संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। जिले में सुपर-100 योजना के तहत परीक्षा का आयोजन आगामी 11 फरवरी को किया जाएगा। इस परीक्षा के माध्यम से सरकारी स्कूलों के मेधावी छात्रों का चयन किया जाएगा, जिन्हें बाद में नीट और जेईई जैसी कठिन प्रवेश परीक्षाओं के लिए सरकार द्वारा निशुल्क कोचिंग दी जाएगी।
जिले में परीक्षा के लिए 14 केंद्र बनाए गए हैं, और 3988 विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया है। सबसे अधिक पंजीकरण गुहला-चीका में (1233) और सबसे कम कलायत में (362) हुआ है।
विभाग ने परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए उन्हें अपने घर के नजदीकी केंद्रों पर परीक्षा देने का इंतजाम किया है।
परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए विशेष पर्यवेक्षक और डयूटी स्टाफ तैनात किए गए हैं। छात्रों में परीक्षा को लेकर उत्साह देखा जा रहा है, क्योंकि चयनित होने पर उन्हें रहने, खाने और पढ़ाई का पूरा खर्च सरकार द्वारा वहन किया जाएगा।
सुपर-100 योजना का उद्देश्य और लाभ : निशुल्क कोचिंग : चयनित छात्रों को रेवाड़ी और पंचकूला स्थित केंद्रों पर विशेषज्ञों द्वारा कोचिंग दी जाती है।
आवासीय सुविधा : चयनित छात्रों के रहने, खाने, स्टेशनरी और परिवहन का सारा खर्च हरियाणा सरकार उठाती है।
पात्रता : सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले वे छात्र जिन्होंने 10वीं कक्षा में न्यूनतम 80% अंक प्राप्त किए हों।
सफलता दर : पिछले वर्षों में इस योजना के माध्यम से सैंकड़ों छात्रों ने देश के प्रतिष्ठित मेडिकल और इंजीनियरिंग कॉलेजों में दाखिला लिया।
खंड
पंजीकरण संख्या
गुहला
1233
कैथल
923
पूंडरी
557
सीवन
509
राजौंद
404
कलायत
362
परीक्षा से संबंधित सभी जरूरी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रश्न पत्रों की सुरक्षा से लेकर केंद्रों पर बुनियादी सुविधाओं का निरीक्षण किया जा चुका है। छात्रों को सलाह दी गई है कि वे परीक्षा केंद्र पर समय से पहुंचें और अपने साथ एडमिट कार्ड व आवश्यक दस्तावेज अवश्य लाएं। -सुशील कुमार, जिला साइंस विशेषज्ञ