संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। कैथल रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म ट्रेन की ऊंचाई की तुलना में काफी नीचे हैं। इस कारण यात्रियों को ट्रेन में चढ़ने और उतरने में मुश्किल हो रही है। सबसे अधिक परेशानी बुजुर्गों, महिलाओं और छोटे बच्चों के साथ सफर करने वाले यात्रियों को उठानी पड़ रही है।
यात्रियों का कहना है कि ट्रेन की ऊंची सीढ़ियों तक पहुंचने में काफी दिक्कत होती है और इस दौरान गिरने व चोट लगने का डर बना रहता है। स्टेशन पर मौजूद कई यात्रियों ने बताया कि ट्रेन रुकने के बाद डिब्बों की सीढ़ियों तक पहुंचने के लिए अतिरिक्त प्रयास करना पड़ता है। खासतौर पर बुजुर्ग यात्रियों के लिए यह स्थिति बेहद चुनौतीपूर्ण बन चुकी है। रेलवे स्टेशन पर ट्रेन का इंतजार कर रहे 68 वर्षीय यात्री राजेंद्र कुमार ने बताया कि बढ़ती उम्र के साथ शरीर पहले जैसा साथ नहीं देता। ट्रेन की सीढ़ियां पहले ही ऊंची होती हैं और जब प्लेटफॉर्म नीचे हो तो चढ़ना और मुश्किल हो जाता है। उन्होंने कहा कि कई बार पैर फिसलने का डर बना रहता है और सहारा लेकर ही ट्रेन में चढ़ना पड़ता है।
बच्चों और सामान के साथ सफर करना भी चुनौती : यात्री सीमा देवी ने बताया कि बच्चों और सामान के साथ सफर करना बेहद कठिन हो जाता है। उन्होंने कहा कि यदि गोद में बच्चा हो और हाथ में बैग हो तो ट्रेन में चढ़ना किसी चुनौती से कम नहीं लगता। कई बार आसपास मौजूद लोगों की मदद लेनी पड़ती है।
युवा यात्री राहुल ने बताया कि कई यात्रियों को जल्दबाजी में ट्रेन पकड़नी होती है, जबकि ट्रेन महज दो मिनट के लिए ही प्लेटफॉर्म पर रुकती है। ऐसे में प्लेटफॉर्म और ट्रेन के बीच अधिक ऊंचाई होने से दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
उन्होंने कहा कि बड़े शहरों के रेलवे स्टेशनों पर ऊंचे प्लेटफॉर्म बनाए गए हैं, जिससे यात्रियों को काफी सुविधा मिलती है। कैथल रेलवे स्टेशन पर भी इस दिशा में सुधार होना चाहिए।
यात्रियों ने रेलवे प्रशासन से मांग की है कि प्लेटफॉर्म की ऊंचाई को ट्रेन के अनुरूप किया जाए, ताकि यात्रियों को राहत मिल सके और दुर्घटनाओं की आशंका भी कम हो।
इस समस्या के समाधान के लिए जल्द कदम उठाए जाएंगे और यात्रियों को परेशानी नहीं होने दी जाएगी। -नरेंद्र, स्टेशन मास्टर