संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। आरकेएसडी कॉलेज सभागार में शुक्रवार को जिला कष्ट निवारण समिति की बैठक में परिवहन, ऊर्जा एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने कुल 15 शिकायतों (9 पुरानी व 6 नई) की सुनवाई की। इस दौरान पांच साल पुराने एक मर्डर केस की सीबीआई जांच की अनुशंसा की, वहीं एक युवती द्वारा उत्पीड़न की शिकायत पर कार्रवाई न करने पर संबंधित पुलिस कर्मचारी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए।
चार मामलों में जांच समिति गठित कर अगली बैठक में रिपोर्ट देने के आदेश जारी किए गए। एक महिला उत्पीड़न मामले में बैठक के दौरान ही आरोपी के घर पर रेड भी करवाई गई।
सबसे पहले सीवन गेट निवासी मनजीत सिंह की बेटी को विदेश भेजने में धोखाधड़ी की शिकायत पर मंत्री ने तुरंत एफआईआर दर्ज करने के आदेश दिए और मामले को लंबित रखा। बैठक में मंत्री ने डीसी व एसपी को सभी शिकायतों पर त्वरित व प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। मौके पर भाजपा जिला अध्यक्ष ज्योति सैनी, अशोक गुर्जर, नगर परिषद अध्यक्ष सुरभि गर्ग, डीसी प्रीति, एसपी उपासना यादव, डीएमसी कपिल शर्मा और एसडीएम अजय सिंह आदि अफसर मौजूद रहे।
ये रहीं प्रमुख शिकायतें और कार्रवाई
n
5600 रुपये कटने का मामला ः कसान निवासी कुसुम की राशि लौटाने की जानकारी एलडीएम ने दी, लेकिन राशि नकद लौटाने पर मंत्री विज ने एडीसी की अध्यक्षता में विजिलेंस कमेटी से जांच करवाने के आदेश दिए। मामला लंबित रखा गया।
n
बिजली कनेक्शन विवाद ः हेमु माजरा निवासी बलविंद्र सिंह को कनेक्शन जारी होने पर शिकायत का निपटान किया गया।
n
परिवार पहचान पत्र में गलत नाम ः कैथल निवासी संध्या के परिवार पहचान पत्र में किसी अन्य महिला का नाम जुड़ गया था। सुधार करने और रिकवरी लेने की जानकारी दी गई, लेकिन मंत्री विज ने सीएससी संचालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के आदेश दिए। साथ ही उसका पूरा रिकॉर्ड चेक करने को कहा। शिकायत लंबित रखी गई।
n
कैलरम निवासी टीका राम- खाल का विवाद ः कमेटी रिपोर्ट के आधार पर शिकायत का निपटारा किया गया।
n
धनौरी ः नहरी खाल पर कब्जा विवाद मंत्री विज ने सिंचाई विभाग व पुलिस की ओर से देरी पाए जाने पर दोनों विभागों के अधिकारियों को जांच के आदेश दिए। कहा– ज़रूरत पड़ी तो मैं खुद मौके पर जाऊंगा।
n क्योड़क ः नेट हाउस सब्सिडी मामला ः रिपोर्ट मिलने के बाद मंत्री ने एडीसी, एसडीएम और तहसीलदार को मौके का निरीक्षण कर नई रिपोर्ट देने के निर्देश दिए।
n
कांगथली ः नकली दूध व पनीर बनाने की शिकायत ः फूड सेफ्टी ऑफिसर ने बताया कि तीन बार सैंपल फेल हुए और केस फाइल है।
मंत्री विज ने तुरंत विभाग के एसीएस को फोन कर संबंधित डेयरी को सील करने के आदेश दिए।
n
हरिजन बस्ती के हाई वोल्टेज तार ः बिना विवाद भूमि सुझाए जाने पर एक्सईएन को लाइन शिफ्ट करने के निर्देश दिए।
n
जन्म प्रमाण पत्र में गलत अस्पताल का नाम ः नरवल निवासी राजकुमार की शिकायत पर सीएमओ को बोर्ड बनाकर जांच रिपोर्ट देने और नाम ठीक कर प्रमाण पत्र जारी करने के आदेश दिए।
n
विधवा पेंशन ः बलराज नगर निवासी सुमन की पेंशन शुरू हो चुकी थी, इसलिए शिकायत वही निपट गई।