कैथल। डीसी अपराजिता ने शुक्रवार दोपहर को गांव सोलू माजरा में स्थित साइलो का दौरा किया और वहां गेहूं खरीद प्रक्रिया का जायजा लिया। उन्होंने किसानों व साइलो के अधिकारियों सहित खरीद एजेंसियों के अधिकारियों से बातचीत कर गेहूं खरीद को लेकर चल रही कार्रवाई की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को जल्द से जल्द अनलोडिंग के निर्देश दिए, ताकि सड़क पर वाहनों की लंबी लाइनों को खत्म किया जा सके। इसके अलावा डीसी ने मौसम को देखते हुए जिले भर की मंडियों से उठान कार्य में भी तेजी लाने के निर्देश दिए।
डीसी शुक्रवार दोपहर साइलोज परिसर में पहुंचीं। जहां उन्होंने सबसे पहले गेहूं की अनलोडिंग कर रहे किसानों से बातचीत की। वहां गेहूं से भरी ट्रालियों को खाली करने की प्रक्रिया को समझा। इसके बाद डीसी ने कार्यालय में बैठक लेकर पूरी प्रक्रिया की जानकारी हासिल की। उन्होंने कहा कि ढांड व पूंडरी मंडी से जो भी गेहूं साइलोज में लाया जाना है, उसे जल्द से जल्द लाकर स्टोर किया जाए। उन्होंने साइलोज के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जो गेहूं पहले से यहां भंडारित है, उसे जल्द से जल्द खाली करवाने के लिए आवश्यक कदम उठाएं। ताकि नए गेहूं को स्टोर किया जा सके। साइलोज प्रबंधक ने बताया कि साइलोज में 87 हजार एमटी गेहूं के भंडारण के लिए जगह खाली है। डीसी ने कहा कि जो ट्रक या ट्राली सड़क पर खड़े हैं, उन्हें जल्द से जल्द अनलोड करवाएं। किसानों के भोजन के लिए अटल कैंटीन शुरू की गई है। डीसी ने कैंटीन का दौरा कर भोजन की गुणवत्ता बारे जानकारी हासिल की और स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश जारी किए। इस अवसर पर मार्केट कमेटी चेयरमैन विजेंद्र मेहला सहित खरीद एजेंसियों के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद थे। संवाद