संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। नगर आयुक्त कपिल शर्मा ने बुधवार को शहर के सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान प्लांट की कार्यप्रणाली, साफ-सफाई, मशीनरी की स्थिति और पानी के ट्रीटमेंट सिस्टम की जांच की गई, जिसमें कुछ खामियां पाई गईं। इन पर नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि एसटीपी प्लांट शहर की स्वच्छता व्यवस्था का अहम हिस्सा हैं और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आयुक्त ने निर्देश दिए कि प्लांट की सभी मशीनें सुचारु रूप से कार्य करें, परिसर में नियमित साफ-सफाई बनी रहे और ट्रीट किए गए पानी की गुणवत्ता
निर्धारित मानकों के अनुरूप सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही कर्मचारियों की उपस्थिति और सुरक्षा उपकरणों (पीपीई किट) के उपयोग पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।
उन्होंने अधिकारियों को स्वच्छ सर्वेक्षण को ध्यान में रखते हुए सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए और जल्द से जल्द कमियों को दूर कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा। निरीक्षण के दौरान पब्लिक हेल्थ विभाग के एसडीओ विनोद कुमार, जेई आकाश कुमार, नगर परिषद कैथल के सीटीएल रवि कुमार और आईसी एक्सपर्ट भारती मलिक सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।