संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। आम आदमी पार्टी हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व राज्यसभा सांसद सुशील गुप्ता ने कथित शराब घोटाले के मामले में आए न्यायिक फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि दिल्ली हाईकोर्ट द्वारा सीबीआई की स्टे याचिका खारिज किए जाने से भाजपा की राजनीतिक साजिश बेनकाब हो गई है।
वे देवीगढ़ रोड स्थित पार्टी कार्यालय में पत्रकारवार्ता को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि निचली अदालत पहले ही इस मामले को निराधार बताते हुए आरोपियों को आरोपमुक्त कर चुकी है, लेकिन इसके बावजूद आम आदमी पार्टी को बदनाम करने की कोशिश की गई। गुप्ता ने आरोप लगाया कि भाजपा ने राजनीतिक विरोधियों को निशाना बनाने के लिए केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग किया। उन्होंने कहा कि अदालत के फैसले से स्पष्ट हो गया है कि भाजपा की कहानी न्यायालय में टिक नहीं पा रही है।
उन्होंने मांग की कि राजनीतिक विरोधियों को फंसाने के लिए एजेंसियों के कथित दुरुपयोग पर भाजपा देश की जनता से माफी मांगे। साथ ही कहा कि आम आदमी पार्टी शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार जैसे मुद्दों पर अपनी लड़ाई जारी रखेगी।