संवाद न्यूज एजेंसी
उचाना। मखंड गांव पहुंचे पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला का कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। इस दौरान दुष्यंत चौटाला ने कहा कि अब तो दिसंबर भी आ गया है। सीएम नायब सैनी बताएं बढ़ी हुई बुढ़ापा पेंशन बुजुर्गों को कब मिलेगी।
भाजपा सरकार ने बुढ़ापा पेंशन बढ़ाने का ऐलान करते नवंबर से लागू करने की बात कही थी लेकिन अभी तक बुजुर्गों की पेंशन 3200 रूपए प्रति माह नहीं हुई है। पेंशन बढ़ाने की बजाय बीजेपी सरकार ने उल्टा साढ़े 37 हजार बुजुर्गों की पेंशन काटने का काम जरूर किया है।
रविवार देर शाम पहुंचे मखंड गांव में पत्रकार वार्ता में दुष्यंत चौटाला ने कहा कि भाजपा सरकार की ओर से राशन कार्ड का सर्वे भी जारी है और अब तक छह लाख लाभार्थियों के बीपीएल कार्ड काट दिए गए हैं। लाडो लक्ष्मी योजना के तहत भी महिलाओं के साथ बीजेपी ने वादाखिलाफी की है। इसी तरह युवाओं के साथ सीईटी के माध्यम से धोखा किया गया।
प्रदेश की कानून व्यवस्था का आज कितना बुरा हाल हो चुका है वह सबके सामने है। पूर्व डिप्टी सीएम ने ग्रामीणों को सात दिसंबर को जुलाना में होने वाले जेजेपी के स्थापना दिवस कार्यक्रम का न्योता दिया और कहा कि हरियाणा के मौजूदा खराब हालात को देखते हुए हम सबको मिलकर बदलाव के लिए प्रयास करना पड़ेगा।
हरियाणा में बदलाव लाने के लिए प्रदेशभर से भारी संख्या में लोग जुलाना में एकत्रित हो। केवल जेजेपी ही आज प्रदेश के अंदर हर मुद्दे को प्रमुखता से उठा रही है। जेजेपी के स्थापना दिवस कार्यक्रम को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है और प्रदेशभर से लोगों की बढ़-चढ़कर भागीदारी होगी।
कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने के लिए पार्टी कार्यकर्ता पूरी मेहनत कर रहे है और कार्यक्रम की सफलता जेजेपी को नई ऊर्जा देगी। इस दौरान जोरा सिंह डूमरखा, वीरेंद्र कौशिक, ज्ञानी तारखा, अनिल शर्मा, चंद्रपाल शर्मा, नसीब घसो, धोला गुरूकुल खेड़ा और राजबीर भौंगरा मौजूद रहे।