जींद। उच्चतर शिक्षा विभाग ने स्नातक (यूजी) पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए मेरिट सूची का संशोधित कार्यक्रम जारी कर दिया है। नए शेड्यूल के अनुसार अब पहली फाइनल मेरिट लिस्ट 22 जुलाई को जारी होगी। इससे पहले विद्यार्थी 12 जुलाई तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
विभाग ने कॉलेजों को निर्धारित समय के भीतर दस्तावेजों का सत्यापन और आवेदन संबंधी त्रुटियों का निस्तारण करने के निर्देश दिए हैं। संशोधित कार्यक्रम के अनुसार 18 जुलाई तक कॉलेजों की दाखिला समितियां विद्यार्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन करेंगी और उनकी लॉगिन आईडी में आवश्यक सुधार कराएंगी। इसके बाद 20 जुलाई को पात्र अभ्यर्थियों की सूची जारी होगी।
21 जुलाई को पहली प्रोविजनल मेरिट लिस्ट प्रकाशित की जाएगी, जबकि 22 जुलाई को पहली फाइनल मेरिट लिस्ट जारी होगी। पहली सूची में चयनित विद्यार्थियों को 23 से 27 जुलाई तक फीस जमा कराने का अवसर मिलेगा। यदि पहली सूची के बाद सीटें रिक्त रहती हैं तो 28 जुलाई को दूसरी प्रोविजनल और 29 जुलाई को दूसरी फाइनल मेरिट लिस्ट जारी की जाएगी।
दूसरी सूची में चयनित अभ्यर्थी 30 जुलाई से तीन अगस्त तक फीस जमा करा सकेंगे। इसके बाद भी यदि सीटें खाली रहती हैं तो चार अगस्त से फिजिकल काउंसिलिंग शुरू होगी।
पांच अगस्त को विभाग दोबारा पोर्टल खोलेगा, जिसमें नए पंजीकरण के साथ पहले से आवेदन कर चुके विद्यार्थी भी अपने आवेदन में संशोधन कर सकेंगे। छह से 12 अगस्त तक 100 रुपये विलंब शुल्क के साथ दाखिले होंगे। इसके बाद 13 से 19 अगस्त तक प्रतिदिन बढ़ने वाली विलंब शुल्क व्यवस्था के साथ प्रवेश प्रक्रिया जारी रहेगी।
15 जुलाई तक विभिन्न ट्रेडों में ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं अभ्यर्थी
औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में भी प्रवेश प्रक्रिया जारी है। इच्छुक अभ्यर्थी 15 जुलाई तक विभिन्न ट्रेडों में ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। कैथल रोड स्थित राजकीय आईटीआई में अब तक 263 आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। सबसे अधिक 64 आवेदन इलेक्ट्रिशियन ट्रेड के लिए आए हैं। इसके अलावा वायरमैन में 33, कोपा में 24, फीटर में 22, रेफ्रिजरेशन एंड एयर कंडीशनिंग (आरएसी) तथा मैकेनिक डीजल में 15-15, स्टेनो इंग्लिश और प्लंबर में 13-13 आवेदन मिले हैं।
बाक्स
विभाग द्वारा मेरिट सूची का संशोधित शेड्यूल जारी किया गया है। विद्यार्थियों से अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते ऑनलाइन आवेदन पूरा करने और दस्तावेजों की जांच सुनिश्चित करने की अपील की है ताकि प्रवेश प्रक्रिया के दौरान किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
- डॉ. सत्यवान मलिक, प्राचार्य संत शिरोमणि श्री सैन भगत कॉलेज जींद