09जेएनडी12: राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में मौजूद छात्राएं। संवाद
कंडेला। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रुपगढ़ में सोमवार को विद्यार्थियों के लिए किशोरावस्था से जुड़ी चुनौतियों और स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों पर एक विशेष जागरूकता शिविर का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में उपस्वास्थ्य केंद्र रुपगढ़ की स्वास्थ्य विभाग टीम ने शिरकत की और विद्यार्थियों को इस महत्वपूर्ण पड़ाव के बारे में जानकारी दी।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बताया कि किशोरावस्था जीवन का वह चरण है जहां शरीर और व्यवहार में तेजी से परिवर्तन आते हैं। स्वास्थ्य कार्यकर्ता देवीराम कौशिक, मूर्ति देवी और मुकेश रानी ने विद्यार्थियों को कहा कि इन बदलावों से घबराने के बजाय उन्हें समझना जरूरी है।
टीम ने विशेष रूप से व्यक्तिगत स्वच्छता संतुलित आहार और नियमित व्यायाम के महत्व पर जोर दिया। विशेषज्ञों ने बच्चों को नशे जैसी कुरीतियों से दूर रहने की शपथ दिलाई और बताया कि किशोरावस्था में लिया गया सही पोषण भविष्य की नींव रखता है।
कार्यक्रम के दौरान किशोर-किशोरियों को अपने स्वास्थ्य और मन में उठने वाली जिज्ञासाओं पर खुलकर सवाल पूछने के लिए प्रोत्साहित किया गया जिनका स्वास्थ्य कर्मियों ने मौके पर ही समाधान किया। प्राचार्य सुरेंद्र कुमार ने कहा कि एक स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का वास होता है, इसलिए उन्हें स्वास्थ्य संबंधी जानकारियों को गंभीरता से लेना चाहिए।
इस दौरान स्वास्थ्य विभाग कोऑर्डिनेटर सुषमा रानी, आशा वर्कर रेखा, कलावती, अनीता, इंदु बाला, पिंकी रानी व अन्य शिक्षक मौजूद रहे।