हिसार। हत्या प्रयास मामले में एक बंदी की फर्जी दस्तावेज के आधार पर जमानत करवा दी गई। फर्जीवाड़ा सामने आने पर कुलेरी के दीपक व पंच राजेंद्र के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
सिविल लाइन थाने से जांच अधिकारी कर्मबीर के अनुसार, पड़ाव चाैक निवासी दीपक के खिलाफ एचटीएम थाना में 28 अक्तूबर 2023 को हत्या प्रयास सहित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इसके बाद से यह मामला अदालत में चल रहा है।
10 दिसंबर 2025 को आरोपी दीपक की जमानत के लिए कुलेरी गांव के दीपक ने सिक्योरिटी बाॅन्ड के तौर पर किरमारा के दीपक के नाम जमाबंदी दी थी। जांच की गई तो पता चला कि इस मामले में कुलेरी के पंच राजेंद्र को भी साथ लिया गया है। जब कुलेरी के दीपक की जांच की गई तो गांव में उस नाम का कोई युवक ही नहीं मिला। इसके बाद किरमारा के दीपक की जांच की गई तो अदालत में दिए गए उसके आधार कार्ड व उसकी तरफ प्रस्तुत किए गए आधार कार्ड में जन्मतिथि अलग-अलग मिली।
अदालत में जमा करवाए गए आधार कार्ड में जन्मतिथि 1992 थी और जो गांव में दीपक मिला उसकी जन्मतिथि 2001 थी। जब सीएससी सेंटर से इसे सत्यापित करवाया गया तो सामने आया कि अदालत में फर्जी आधार कार्ड जमा करवाया गया है। कुलेरी के पंच राजेंद्र को जांच में शामिल होने के लिए बुलाया गया लेकिन वह नहीं पहुंचा।