चरखी दादरी। दादरी शहर के मुख्य बाजारों व मुख्य मार्गों के किनारे खड़ीं सवारियों को बैठाने के लिए चालक अपने ऑटो को बीच सड़क ही रोक लेते हैं। यह लंबे जाम के साथ ही हादसे का भी कारण बन जाता है। इससे बस स्टैंड रोड, कोर्ट रोड, मेन बाजार व रेलवे रोड के बीच जाम की स्थिति बनी रहती है। यह भी सामने आया है कि अधिकतर ऑटो चालक अधूरे दस्तावेज के साथ ही सवारियों को बैठा रहे हैं।
इन दिनों शहर के मुख्य बाजारों, मुख्य मार्गों पर बेलगाम दौड़ रहे ऑटो चालक राहगीरों के लिए परेशानी का सबब बने हुए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि ऑटो चालक सवारियों को बैठाने के लिए यातायात नियमों को ताक पर रखकर सड़क के बीच ही ब्रेक लगा देते हैं। इससे जाम की स्थिति बनने के साथ-साथ हादसों का अंदेशा भी बना रहता है। राहगीरों का कहना है कि जाम के चलते वाहन चालकों को अनेक परेशानियां झेलनी पड़ती हैं। वहीं, बाजार में चलने वाले कई ऑटो चालकों के पास वाहन के दस्तावेज के अलावा लाइसेंस तक नहीं होता है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से ऐसे वाहन चालकों पर लगाम कसने की मांग की है।