अंबाला। सरकारी व सरकारी सहायता प्राप्त सहित निजी पॉलिटेक्निक संस्थानों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए दाखिले की प्रक्रिया शुरु हो चुकी है। हरियाणा स्टेट टेक्निकल एजुकेशन सोसाइटी द्वारा जारी सूचना के अनुसार, इस बार भी दाखिले मेरिट और ऑनलाइन ऑफ-कैंपस काउंसलिंग के आधार पर किए जाएंगे। छात्र-छात्राओं की सहूलियत के लिए डिप्लोमा इंजीनियरिंग (3 वर्षीय) और डिप्लोमा इंजीनियरिंग लेटरल एंट्री (2 वर्षीय) का पूरा शेड्यूल जारी कर दिया गया है। दाखिले के इच्छुक छात्र आधिकारिक वेबसाइट www.techadmissionshry.gov.in पर जाकर अपनी प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।
तीन वर्षीय डिप्लोमा इंजीनियरिंग कोर्स
कक्षा 10वीं के अंकों के आधार पर होने वाले 3 वर्षीय डिप्लोमा इंजीनियरिंग कोर्स के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन और फीस जमा करने की अवधि 21 अप्रैल से आरंभ कर दी गई थी जोकि 10 जून तक चलेगी। दस्तावेजों का ऑनलाइन वेरिफिकेशन भी 21 अप्रैल से जारी है जोकि 12 जून तक चलेगा। मेरिट सूची की घोषणा 15 जून शाम 5 बजे की जाएगी।
काउंसलिंग का शेड्यूल
प्रथम काउंसलिंग (चॉइस फिलिंग) के तहत 16 जून सुबह 10 बजे से 18 जून 2026 रात 11:59 बजे) तक चलेगी। सीट अलॉटमेंट रिजल्ट 19 जून शाम 5 बजे जारी होगा। संस्थान में फिजिकल रिपोर्टिंग 22 से 24 जून शाम 5 बजे तक होगी। द्वितीय काउंसलिंग (चॉइस फिलिंग) के तहत 26 से 30 जून 2026 तक प्रक्रिया चलेगी। द्वितीय सीट अलॉटमेंट रिजल्ट 1 जुलाई शाम 5 बजे घोषित किया जाएगा। द्वितीय रिपोर्टिंग 2 से 4 तक होगी।
2 वर्षीय डिप्लोमा इंजीनियरिंग लेटरल एंट्री कोर्स
12वीं (विज्ञान) या 2 वर्षीय आईटीआई पास छात्रों के लिए सीधे दूसरे वर्ष में दाखिले (लेटरल एंट्री) का शेड्यूल भी जारी किया गया है। इसके तहत ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन और फीस की प्रक्रिया 22 अप्रैल से आरंभ कर दी गई है जो कि 26 मई तक जारी रहेगी। ऑनलाइन वेरिफिकेशन का कार्य 22 अप्रैल से 28 मई तक होगा और मेरिट सूची की घोषणा 29 मई शाम 5 बजे की जाएगी।
संस्थान स्तर पर मैनुअल काउंसलिंग और अंतिम कट-ऑफ
केंद्रीयकृत ऑनलाइन काउंसलिंग समाप्त होने के बाद खाली बची सीटों को भरने के लिए संस्थानों के स्तर पर मैनुअल काउंसलिंग आयोजित की जाएगी। सभी डिप्लोमा कोर्सेज के लिए नया शैक्षणिक सत्र 14 अगस्त से शुरू हो जाएगा। दाखिले की अंतिम कट-ऑफ तारीख भी 14 अगस्त तय की गई है। आर्किटेक्चर कोर्स के लिए काउंसिल ऑफ आर्किटेक्चर के नियमों के अनुसार अंतिम तिथि 31 अगस्त होगी।
आवेदन शुल्क
सामान्य श्रेणी के उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 1000 रुपये और सभी आरक्षित श्रेणियों (एससी, बीसी, ईडब्ल्यूएस और महिला अभ्यर्थियों) के लिए 700 रुपये तय है। इसे ऑनलाइन माध्यम से जमा किया जा सकता है। हरियाणा के निवासियों के लिए परिवार पहचान पत्र अनिवार्य किया गया है।