सेमिनार में उपस्थित कारोबारी व अन्य लोग। एचसीसीआई
अंबाला। हरियाणा चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (एचसीसीआई) के अंबाला चैप्टर की ओर से निजी पैलेस में एमएसएमई उद्योगों के लिए राज्य सब्सिडी, आयात निर्यात लाभ और जीएसटी रिफंड विषय पर सेमीनार आयोजित हुआ।
इस कार्यक्रम में 130 से अधिक उद्योगपतियों, उद्यमियों, निर्यातकों, पेशेवरों और एमएसएमई मालिकों ने भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ एमएसएमई के संयुक्त निदेशक दीपक नरवाल के उद्घाटन भाषण से हुआ। उन्होंने एमएसएमई क्षेत्र के लिए सरकार द्वारा प्रदान की जा रही विभिन्न योजनाओं का परिचय कराया। विशेषकर देश-विदेश में आयोजित प्रदर्शनियों में भागीदारी के लिए मिलने वाली सब्सिडी, जिससे उद्यमियों को अपने उत्पाद प्रदर्शित करने, नए बाजार तक पहुंच बनाने और अपनी प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता बढ़ाने में प्रत्यक्ष लाभ मिलता है। सेमिनार में सीए रामानुजन शर्मा (स्टेट सब्सिडी), सीए टीआर श्रीनिवासन (आयात व निर्यात लाभ) और सीए कैलाश सैनी (जीएसटी रिफंड) ने अपने-अपने विषयों पर जानकारियां दीं। इनमें कैपिटल और इंटरेस्ट सब्सिडी, बिजली शुल्क में छूट, स्टाम्प ड्यूटी रिफंड, ड्यूटी ड्रॉबैक आदि मुद्दे शामिल रहे। एचसीसीआई अंबाला के चेयरमैन डॉ. अशावंत गुप्ता ने उद्योग जगत द्वारा झेली जा रहीं चुनौतियों, नीतिगत देरी और अनुपालन संबंधी समस्याओं पर ध्यान आकर्षित किया। कार्यक्रम का संचालन एचसीसीआई के कार्यकारी सदस्य मनन सिंगला ने किया।