गोरखपुर। पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल के बलिया जिला स्थित गोविंदपुर दुगौली हाॅल्ट स्टेशन पर अब प्लेटफॉर्म पर ही टिकट मिलने लगा है। पहली बार मोबाइल अनारक्षित टिकट प्रणाली के माध्यम से यात्रियों को टिकट जारी करने की सुविधा शुरू की गई है।
इस व्यवस्था के तहत रेलवे के अधिकृत एजेंट प्लेटफॉर्म पर ही यात्रियों के पास पहुंचकर तत्काल अनारक्षित टिकट उपलब्ध करा रहे हैं। रेलवे अधिकारियों के अनुसार इस व्यवस्था का उद्देश्य यात्रियों को टिकट लेने के लिए लंबी कतारों से राहत देना, समय की बचत करना और बिना टिकट यात्रा पर प्रभावी रोक लगाना है। इससे यात्रियों को टिकट खिड़की तक जाने की आवश्यकता नहीं होगी।
पूर्वोत्तर रेलवे में यह सुविधा पहली बार गोविंदपुर दुगौली हाॅल्ट स्टेशन पर लागू की गई है। इससे छोटे हाॅल्ट स्टेशनों पर भी टिकट व्यवस्था अधिक सुगम और प्रभावी होगी। विशेष रूप से उन स्थानों पर जहां टिकट लेने के सीमित साधन हैं। सावन माह के दौरान वाराणसी मंडल से बड़ी संख्या में श्रद्धालु और अन्य यात्री यात्रा करते हैं। बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने यह व्यवस्था लागू की है, ताकि यात्रियों को बिना किसी परेशानी के समय पर टिकट मिल सके।