रेलवे स्टेशन, ट्रेन, दफ्तर, रेल कॉलोनी में बेहतर सफाई व्यवस्था पर चयन
गोरखपुर। रेलवे में चलाए गए स्वच्छता पखवाड़ा-2025 में देश के सभी रेलवे जोन में पूर्वोत्तर रेलवे को प्रथम स्थान मिला है। यह चयन जलशक्ति मंत्रालय ने स्वच्छता के विभिन्न पहलुओं पर परखने के बाद किया है। इसके पहले 2023 में पूर्वोत्तर रेलवे को सभी क्षेत्रीय रेलों में द्वितीय तथा 2022 में तृतीय स्थान प्राप्त हुआ था।
स्वच्छता पखवाड़ा-2025 के दौरान यात्रियों को स्वच्छ वातावरण प्रदान करने तथा स्टेशनों एवं ट्रेनों में साफ-सफाई एवं स्वच्छता बेहतर मिली है। पखवारा के तहत स्टेशनों, ट्रेनों, प्लेटफॉर्मों, रेलवे ट्रैक, खानपान इकाईयों, पैंट्री कार, रेलवे कॉलोनियों, रेल परिसरों इत्यादि में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक, डिजिटल एवं सोशल मीडिया, पैम्फलेट, नुक्कड़ नाटक आदि के माध्यम से रेल कर्मचारियों एवं यात्रियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।