गोरखपुर। सेंट एंड्रयूज कॉलेज ग्राउंड पर शुक्रवार को खेले गए मंडल अंडर-19 क्रिकेट टूर्नामेंट के लीग मुकाबले में एनएस क्रिकेट एकेडमी ने बीएमटी महराजगंज को 39 रनों से हराकर आगे की राह बनाई।
एनएस क्रिकेट ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 27.3 ओवर में 135 रन बनाए। पारी की शुरुआत हालांकि अच्छी नहीं रही और टीम नियमित अंतराल पर विकेट गंवाती रही लेकिन मध्य क्रम के बल्लेबाजों ने संघर्षपूर्ण बल्लेबाजी करते हुए टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। अनस ने 26 गेंदों में 24 रन बनाकर पारी को संभालने की कोशिश की। वहीं, यश ने 29 गेंदों में 23 रनों का उपयोगी योगदान दिया।
बीएमटी महाराजगंज की ओर से गेंदबाजी में दिव्यांश मिश्रा और धीरज सबसे सफल रहे। दोनों ने 4-4 विकेट झटके। 135 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बीएमटी महाराजगंज की टीम दबाव में नजर आई। शुरुआत से ही एनएस क्रिकेट के गेंदबाजों ने सटीक लाइन और लेंथ से बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया।
कप्तान दिव्यांश मिश्रा ने सबसे अधिक 29 रन बनाए, जबकि आदित्य वर्मा ने 39 गेंदों में 24 रनों की संघर्षपूर्ण पारी खेली लेकिन टीम को जीत के दहलीज तक नहीं पहुंचा सके और पूरी टीम 28.2 ओवर में 96 रन पर ऑलआउट हो गई। एनएस क्रिकेट की ओर से गेंदबाजी में नेहल ने शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने 7 ओवर में 32 रन देकर 3 महत्वपूर्ण विकेट झटके। हरफनमौला प्रदर्शन के लिए नेहल को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।