- गोरखपुर विश्वविद्यालय चार, एमएमएमयूटी पांच क्षेत्रों में रैंकिंग के लिए करेगा आवेदन
- आवेदन की तिथि विस्तारित किए जाने से डाटा और मजबूत किए जाने के लिए मिला मौका
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। राष्ट्रीय संस्थागत रैंकिंग फ्रेमवर्क (एनआईआरएफ) को लेकर दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय और मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय अब अपनी तैयारियों को और धार देंगे। छह फरवरी आवेदन की अंतिम तिथि थी लेकिन मंगलवार को तिथि 20 तक विस्तारित करने की घोषणा के बाद दोनों संस्थानों ने यह निर्णय लिया है।
डीडीयू इस बार चार श्रेणियों में आवेदन की तैयारियां कर रहा है। इनमें ओवरऑल, लॉ, मैनेजमेंट और एसडीजी शामिल हैं। इन्हीं के हिसाब से तैयारियां की जा रही हैं। इसी तरह एमएमएमयूटी ओवरऑल, इंजीनियरिंग, मैनेजमेंट, इनोवेशन और सस्टेनेबिलिटी कैटेगरी में आवेदन करेगा। आवेदन की तिथि पहले छह फरवरी थी। इस वजह से दोनों संस्थान पांच से छह फरवरी के बीच आवेदन किए जाने की तैयारियां कर रहे थे। अब तिथि विस्तारित करने के बाद तैयारियों को और बेहतर किया जाएगा। अब दोनों संस्थान 15 फरवरी के बाद ही आवेदन की तैयारी कर रहे हैं।
एमएमएमयूटी के आईक्यूएसी के निदेशक प्रो. वीएल गोले ने बताया कि एनआईआरएफ-2026 की तैयारियां करीब पूरी हो गई हैं। इस बीच तिथि विस्तारित होने से तैयारियों को और बारीकी से मूल्यांकन का मौका मिला है। इस दौरान और बेहतर का प्रयास किया जाएगा। डीडीयू प्रशासन के मुताबिक, समय मिलने से तैयारियों का बारीकी से मूल्यांकन करने का मौका मिल गया है।
-
कोट
एनआईआरएफ के लिए तिथि विस्तारित होने से तैयारियों का और मौका मिल गया है। मंगलवार को भी मीटिंग कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। पीएचडी, पब्लिकेशन, पेटेंट, सरकारी फंड समेत अन्य क्षेत्रों में अच्छे प्रदर्शन के कारण उम्मीद है कि इस बार रैंकिंग में अच्छा स्थान मिलेगा।
- प्रो. पूनम टंडन, कुलपति, डीडीयू
-
कोट
इस बार कई क्षेत्रों में काफी सुधार किया गया है। पिछले वर्ष पांच श्रेणियों में विश्वविद्यालय ने टॉप-100 में जगह बनाई थी। इस बार प्रयास है कि उन सभी में प्रदर्शन सुधरे। इनोवेशन और सस्टेनेबिलिटी कैटेगरी समेत अन्य क्षेत्रों में भी इस बार टॉप-100 में शामिल होने की उम्मीद है।
- प्रो. जेपी सैनी, कुलपति, एमएमएमयूटी