- न्यू राजेश हाईटेक अस्पताल प्रकरण
- मेडिकल काउंसिल ने इलाज और ऑपरेशन से जुड़े दस्तावेज के साथ किया है तलब
गोरखपुर। सिकरीगंज स्थित न्यू राजेश हाईटेक अस्पताल में हुए मोतियाबिंद ऑपरेशन प्रकरण की जांच अब तेज हो गई है। मामले में उत्तर प्रदेश मेडिकल काउंसिल ने अस्पताल से जुड़े डॉक्टरों और संचालक को अपना पक्ष रखने के लिए तलब किया है। डॉक्टर ने इसके लए समय मांगा है।
काउंसिल ने 13 मार्च को उपस्थित होकर बयान देने और ऑपरेशन से संबंधित सभी दस्तावेज प्रस्तुत करने का निर्देश दिया था। इस मामले में ऑपरेशन करने वाले नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. पराग अग्रवाल ने मेडिकल काउंसिल के समक्ष निर्धारित तिथि पर उपस्थित होने में असमर्थता जताई है। उन्होंने निजी समस्या का हवाला देते हुए अगली तारीख देने का अनुरोध किया है। दूसरी ओर अस्पताल के संचालक राजेश राय ने कहा कि उन्हें मेडिकल काउंसिल का पत्र प्राप्त हो गया है और वह निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपना पक्ष रखेंगे।
गौरतलब है कि एक फरवरी को न्यू राजेश हाईटेक अस्पताल में मोतियाबिंद के ऑपरेशन के बाद 30 मरीजों में संक्रमण फैल गया था। गंभीर संक्रमण के कारण नौ मरीजों की आंखें निकालनी पड़ीं, जबकि करीब दस की आंखों की रोशनी चली गई। इस घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया था और मामले की मजिस्ट्रियल जांच शुरू कर दी गई थी। जांच के आधार ही अस्पताल का रजिस्ट्रेशन निरस्त कर दिया गया था।
सीएमओ डॉ. राजेश झा ने बताया कि मेडिकल काउंसिल ने इस प्रकरण का संज्ञान लिया है। काउंसिल की ओर से जो भी निर्देश दिए गए है, उनका पूरी तरह पालन किया जाएगा।