परतावल। श्यामदेउरवां थाना क्षेत्र के हरपुर तिवारी चौराहे पर शनिवार की रात करीब 10 बजे कुछ दबंग युवकों ने एक जेसीबी चालक पर अचानक हमला कर दिया। पत्थरबाजी कर न केवल चालक को घायल कर दिया गया, बल्कि जेसीबी का शीशा भी तोड़ दिया गया। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामला शांत कराया और आरोपियों को हिरासत में ले लिया।
जानकारी के अनुसार, अंध्या निवासी मिथुन 24 शनिवार की रात जेसीबी लेकर लक्ष्मीपुर जरलहिया निवासी जेसीबी मालिक के घर जा रहा था। जब वह हरपुर तिवारी चौराहे के पास पहुंचा, तभी आरोपी कैफ ने अपने घर के सामने जेसीबी को रोक लिया और पूर्व में हुए विवाद को लेकर पत्थरबाजी शुरू कर दी। हमले के दौरान जेसीबी का शीशा टूट गया और चालक मिथुन गंभीर रूप से घायल हो गया। किसी तरह आसपास मौजूद लोगों ने मौके पर पहुंचकर हमलावरों से बचाते हुए घायल चालक को सुरक्षित निकाला।
घायल मिथुन ने बताया कि इससे पहले भी पेट्रोल पंप के पास उन्हीं लोगों ने उससे गाली-गलौज और धमकी दी थी। उसने बताया कि शनिवार की रात जब वह अपने मालिक के घर लौट रहा था, तभी आरोपी कैफ, कमाल, मिनाज और निजामुद्दीन ने मिलकर उस पर हमला कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही श्यामदेउरवां पुलिस मौके पर पहुंचीं और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने घायल मिथुन को प्राथमिक उपचार के लिए सीएचसी भेजवाया। थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह ने बताया कि मामले में पीड़ित की तहरीर के आधार पर कैफ, कमाल, मिनाज और निजामुद्दीन के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। उनके खिलाफ शांतिभंग की आशंका में चालान की कार्रवाई भी की गई है।