शहर के तीन नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को बनाया जाना है पॉली क्लिनिक
पॉली क्लिनिक के लिए नगरीय अस्पतालों का चिंह्नाकन कर रहा है स्वास्थ्य विभाग
गोरखपुर। बसंतपुर का नया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र इसी महीने अपग्रेड होगा। इसके लिए दो विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती और संबंधित उपकरण आदि भी खरीदे जाएंगे। इसके लिए बजट मिल गया है। इसके अलावा दो और नगरीय स्वास्थ्य केंद्रों को भी इसी महीने उच्चीकृत किया जाएगा। इसके लिए अस्पतालों का चिंह्नाकन हो रहा है।
सीएमओ डॉ. राजेश झा ने बताया कि गोरखपुर शहर के ऐसे नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों का उच्चीकरण कर पॉली क्लिनिक बनाए जाना है, जहां अधिक मरीजों इलाज को आते हैं। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के निर्देश पर यह कार्य हो रहा है। पॉली क्लिनिक पर विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं संविदा पर ली जाएंगी। प्रत्येक केंद्र पर अलग-अलग कार्यदिवसों में अलग-अलग विशेषज्ञ जैसे मेडिसिन, स्त्री एवं प्रसूति रोग, ईएनटी, आर्थो सर्जन, आई सर्जन और स्किन आदि के चिकित्सक बैठेंगे। वहां साथ में फिजियोथेरेपिस्ट और आप्टोमैट्रिस्ट (आंख की जांच करने वाला टेक्नीशियन) भी तैनात होंगे।
जिला अस्पताल पर कम होगा बोझ
नगरीय स्वास्थ्य केंद्रों को अपग्रेड करने का फायदा जिला स्तरीय अस्पताल को मिलेगा। अभी नगर क्षेत्र के लोग सामान्य बीमारियों, जांच व टीकाकरण के लिए भी जिला अस्पताल आते हैं। मोहल्लों में संचालित नगरीय स्वास्थ्य केंद्रों पर यह सेवा मिलने से मरीज अपने घर के नजदीक ही जांच व इलाज को तवज्जो देंगे। इससे जिला अस्पताल पर लोड कम होगा।
वर्जन
नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में आए मरीजों को गुणवत्तापूर्ण सेवाएं देने के लिए सभी शहरी स्वास्थ्य केंद्रों को डिजिटल कर दिया गया है। वहां सभी पर्चे ऑनलाइन बनाए जा रहे हैं। साथ ही जो मरीज जिला अस्पताल के लिए रेफर किए जाते हैं उनके पर्चे भी वहीं बना कर दिए जाते हैं। ताकि मरीजों को दोबारा जिला अस्पताल की लाइन में न लगना पड़े। अब अस्पतालों को उच्चीकृत किया जा रहा है, जिसका लाभ स्थानीय लोगों को तो मिलेगा, साथ ही जिला अस्पताल पर बोझ कम होगा।
- डॉ. राजेश कुमार झा, सीएमओ