गोरखपुर। जनपद में शीतलहर से फिलहाल राहत के संकेत मिले हैं। हालांकि, मौसम विभाग ने रात में घने कोहरे को लेकर अलर्ट जारी किया है। इस दौरान अलग-अलग जगहों पर घने कोहरे तक की संभावना जताई जा रही है।
मौसम विभाग ने शुक्रवार को अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया, जो सामान्य से 0.9 डिग्री अधिक रहा। इसी तरह न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.7 डिग्री कम रहा। बृहस्पतिवार की तुलना में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में दो-दो डिग्री की वृद्धि दर्ज की गई। सुबह जल्द ही धूप निकल जाने के कारण दिन में जगह-जगह लोग धूप का आनंद लेते दिखे।
मौसम वैज्ञानिक टीबी सिंह ने बताया कि पूरे जनवरी महीने का औसत तापमान अधिकतम 20.7 और न्यूनतम 8.8 डिग्री सेल्सियस रहता है। इस बार न्यूनतम तापमान सामान्य से कम रहने के आसार हैं। इससे शीतलहर के दिनों की संख्या में वृद्धि होगी। इसी दौरान औसत मासिक अधिकतम तापमान सामान्य या सामान्य से आंशिक रूप से अधिक रहने की संभावना है।