गोरखपुर। इलेक्ट्रिक बस डिपो में मंगलवार को मुख्य कार्यपालक अधिकारी की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में तीन अगस्त को परिचालकों द्वारा किए गए कार्य बहिष्कार के कारणों पर चर्चा की गई। पारिश्रमिक बढ़ाने की सहमति के आधार पर विवाद खत्म हो गया।
बैठक में परिचालक फर्म एसएस इंटरप्राइजेज के प्रतिनिधियों के साथ अधिकारियों ने विस्तार से बातचीत की। सेवा प्रबंधक यूपीएसआरटीसी, मुख्य वित्त अधिकारी, प्रबंधक संचालन सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। परिचालकों की वेतन संबंधी समस्याओं पर विचार करते हुए पारिश्रमिक वृद्धि का निर्णय लिया गया। इसके साथ ही फर्म और परिचालकों से जुड़े अन्य मुद्दों का भी आपसी सहमति से समाधान कर लिया गया। बैठक में सभी परिचालकों और फर्म के प्रतिनिधियों ने लिए गए निर्णयों पर सहमति जताई।
मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने परिचालकों को निर्देश दिया कि भविष्य में बिना पूर्व सूचना के किसी भी प्रकार का कार्य बहिष्कार स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि किसी प्रकार की समस्या हो तो उसे सीधे अधिकारियों के सामने रखें, ताकि उसका समय पर समाधान किया जा सके।