तमिलनाडु के नए मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय के बेटे जेसन संजय की पहली निर्देशित फिल्म 'सिग्मा' की रिलीज डेट अब सामने आ गई है। मेकर्स ने आज फिल्म की रिलीज डेट घोषित कर ये जानकारी दी कि फिल्म कब सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
संदीप किशन स्टारर ‘सिग्मा’ 31 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। सुबास्करन द्वारा लाइका प्रोडक्शंस बैनर के तहत निर्मित यह फिल्म फिलहाल पोस्ट-प्रोडक्शन में है और जल्द ही सेंसर कमेटी को भेजी जाएगी। निर्माताओं ने 'सिग्मा' को एक रोमांचक हाइस्ट (डकैती) फिल्म बताया।
फिल्म के लेखक और निर्देशक जेसन ने हाल ही में कहा कि उनकी पहली फिल्म में एक्शन, कॉमेडी, ट्रेजर-हंट हीस्ट की कहानी देखने को मिलेगी। टीजर में संदीप किशन को जेसन संजय की पहली निर्देशित फिल्म में एक रोमांचक मिशन पर निकले व्यक्ति के रूप में दिखाया गया है।
ऐसी है स्टारकास्ट
संदीप किशन के साथ फिल्म में फारिया अब्दुल्ला, राजू सुंदरम, संपत राज, शिव पंडित, अंबु थासन, योग जपी, मगलक्ष्मी, शीला राजकुमार, कमलेश और किरण कोंडा शामिल हैं। कलील राजा, संजीव एस और अजय अशोक को एक्स्ट्रा स्क्रिप्ट राइटर के रूप में क्रेडिट दिया गया है।
‘सिग्मा’ में थमन एस का म्यूजिक है। फिल्म की शूटिंग चेन्नई, थाईलैंड, थलाकोना और सलेम सहित कई स्थानों पर पूरी हो चुकी है। सिग्मा को अभी सेंसर सर्टिफिकेट मिलना बाकी है।