सचेत-परंपरा और अमाल मलिक की चैट
- फोटो : इंस्टाग्राम ग्रैब
सचेत-परंपरा ने दिखाई अमाल की पुरानी चैट्स
वीडियो में सचेत-परंपरा ने अमाल मलिक की पुरानी चैट्स भी दिखाईं, जिनमें उन्होंने इस जोड़ी को ‘बेख्याली’ गाने के लिए बधाई दी थीं। वीडियो में सचेत-परंपरा ने कहा कि अगर यह गाना किसी पुराने काम से मिलता था, तो अमाल ने रिलीज के बाद उन्हें बधाई क्यों दी? हमारे पास अमाल के मैसेज मौजूद हैं, जिनमें वे गाने का इंतजार कर रहे थे और इसकी तारीफ भी कर रहे थे। संगीतकार की इस जोड़ी ने अमाल से पूछा कि आखिर आप ऐसा क्यों कर रहे हैं? अगर आपको अच्छा काम नहीं मिल रहा, तो इसका मतलब ये नहीं कि आप मीडिया में ऐसे झूठ फैलाएंगे और किसी पर भी उंगली उठाएंगे। हमें आपके फैंस के लिए दुख हो रहा है कि वो ऐसे इंसान को पसंद करते हैं, जो मीडिया में झूठ बोलता है। सचेत-परंपरा ने इंडस्ट्री की तारीफ करते हुए कहा कि यहां जो अच्छा काम करता है, उसे काम जरूर मिलता है।
सार्वजनिक माफी मांगे अमाल मलिक
वीडियो के अंत में सचेत-परंपरा ने कहा कि वे अमाल मलिक से सार्वजनिक माफी चाहते हैं, क्योंकि इस विवाद ने उनके नाम और इमेज को नुकसान पहुंचाया है। उन्होंने साफ कहा कि यदि कोई आरोप लगाया जाए, तो कम से कम उसके पास प्रूफ भी हों। हमारे पास लीगल कदम उठाने के अलावा और कोई रास्ता नहीं बचा है। इस वीडियो को साझा करते हुए सचेत टंडन ने कैप्शन में लिखा, ‘यह वीडियो 10 सेकंड का भी हो सकता था, जो सभी अफवाहों को झूठा साबित कर देता। लेकिन हमारी मानसिक शांति के लिए, कुछ लोगों को बेनकाब करना बहुत जरूरी था। आप पर शर्म आती है अमाल मलिक।’
अमाल ने किया था ऐसा दावा
कुछ दिनों पहले अमाल मलिक ने ये दावा किया था कि उन्होंने और संदीप रेड्डी वांगा ने मिलकर ‘कबीर सिंह’ की पूरी एलबम यानी छह गाने तय कर लिए थे, लेकिन बाद में उनका योगदान सिमटकर सिर्फ एक गाने तक रह गया था। उन्होंने कहा था कि सचेत-परंपरा द्वारा तैयार किया गया गाना ‘बेख्याली’ भी उनकी दी गई रेफरेंस धुनों पर आधारित था।
बॉक्स ऑफिस पर सफल रही थी ‘कबीर सिंह’
संदीप रेड्डी वांगा द्वारा निर्देशित ‘कबीर सिंह’ साल 2019 में रिलीज हुई थी। फिल्म में शाहिद कपूर और कियारा आडवाणी प्रमुख भूमिकाओं में नजर आए थे। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर हिट रही थी और इसके गानों को भी काफी पसंद किया गया था।