रजनीकांत ने सिनेमाई दुनिया में अभिनय के 50 साल पूरे कर लिए हैं। इस अवसर पर अभिनेता की फिल्म 'कुली' थिएटर्स में रिलीज हुई, जिसे दर्शक भरपूर प्यार दे रहे हैं। इसके अलावा एक्टर को मनोरंजन जगत से तमाम सितारे बधाई दे रहे हैं। इसी कड़ी में अब एक्टर की बेटी सौंदर्या ने रजनीकांत के लिए सोशल मीडिया पर पोस्ट किया है और उनकी प्रशंसा की है। आइए जानते हैं…
रजनीकांत की बेटी सौंदर्या ने अपने एक्स अकाउंट पर पिता के बारे में खास ट्वीट किया है। उन्होंने लिखा, ‘50 साल, अप्पा। आप सिर्फ सिनेमा का हिस्सा नहीं रहे, आपने इसे आकार दिया है और इसे नए सिरे से परिभाषित किया है। इसे ऊंचा उठाया है और इसे उन जगहों पर पहुंचाया है, जहां यह पहले कभी नहीं पहुंचा था।’
सौंदर्या ने कहा- उन्हें रजनीकांत की बेटी होने पर गर्व
आगे सौंदर्या ने लिखा, ‘मुझे आपकी बेटी होने पर गर्व है और मैं आपसे जितना कह सकती हूं, उससे कहीं ज्यादा प्यार करती हूं। ‘कुली’ फिल्म के आखिरी 10 मिनट का फ्लैशबैक मैं बार-बार देखूंगी और हर बार तालियां बजाती रहूंगी। आप सबसे अच्छे हो, अप्पा। सिर्फ और सिर्फ एक। थलाइवर निरंधरम।’
यह खबर भी पढ़ें: Vijay-Rashmika: इंडिया परेड डे में साथ नजर आए विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना, वायरल हो रहा वीडियो
कुली की हो रही शानदार कमाई
रजनीकांत की फिल्म ‘कुली’ ने बॉक्स ऑफिस पर पहले दिन ही कमाल कर दिया। इसने छप्परफाड़ कमाई की है। पहले दिन इस फिल्म ने 65 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। वहीं दूसरे दिन भी 9 करोड़ रुपये (दोपहर तक का शुरुआती आंकड़ा) की कमाई की है। ‘कुली’ का कुल कलेक्शन भी अब तक 74.04 करोड़ रुपये हो चुका है।
कुली फिल्म की स्टार कास्ट
‘कुली’ फिल्म की स्टारकास्ट की बात करें, तो इसमें सुपरस्टार रजनीकांत के अलावा बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान, नागार्जुन, श्रुति हासन, सोबिन शाहिर और उपेंद्र राव भी प्रमुख भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं।