दिग्गज फिल्म प्रोड्यूसर और सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन (CBFC) के पूर्व चेयरमैन पहलाज निहलानी का 4 जून को निधन हो गया है। वह 76 साल के थे। उनके परिवार ने उनके निधन की पुष्टि की है। उनके निधन पर अभिनेता चंकी पांडे ने उन्हें श्रद्धांजलि दी है।
चंकी पांडे ने दी श्रद्धांजलि
अभिनेता चंकी पांडे ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरीज पर पहलाज निहलानी की एक तस्वीर पोस्ट की है। तस्वीर के साथ उन्होंने लिखा 'गहरे दुख के साथ, हम आपको सूचित करते हैं कि हमारे प्यारे पहलाज निहलानी का 4 जून 2026 को निधन हो गया। उनका अंतिम संस्कार आज, 04.06.2026 को दोपहर 3 बजे सांताक्रूज हिंदू श्मशान घाट पर होगा। हम आपके विचारों और प्रार्थनाओं के लिए आभारी हैं, क्योंकि हम उन्हें अंतिम विदाई दे रहे हैं।'
निहलानी की फिल्म से एक्टिंग की शुरुआत
साल 1987 में पहलाज निहलानी ने फिल्म 'आग ही आग' का निर्माण किया था। इस फिल्म में धर्मेंद्र और शत्रुघ्न सिन्हा अहम किरदार में थे। इसी फिल्म से चंके पांडे ने अपने अभिनय करियर की शुरुआत की थी। इसमें उन्होंने विजय का किरदार निभाया था। यह फिल्म 2.25 करोड़ रुपये की लागत में बनी थी। बॉक्स ऑफिस पर इसने 9 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था।
किन फिल्मों के रहे निर्माता?
निहलानी ने 1980 के दशक की शुरुआत में एक फिल्म निर्माता के तौर पर अपने सफर की शुरुआत की। उनकी पहली फिल्म 'हथकड़ी' 1982 में रिलीज हुई, जिसके बाद 1985 में 'आंधी-तूफान' आई। उनकी चर्चित फिल्मों में 'आंखें', 'अंदाज', 'तलाश', 'रंगीला राजा' और 'जूली 2' शामिल हैं। एक निर्माता के तौर पर, निहलानी अलग-अलग शैलियों की कई व्यावसायिक हिंदी फिल्मों से जुड़े रहे। फिल्म उद्योग में उनका योगदान कई दशकों तक फैला रहा।