अभिनेता अरशद वारसी एक डार्क कॉमेडी क्राइम थ्रिलर फिल्म 'जीवन भीमा योजना' लेकर आ रहे हैं। फिल्म का पहला पोस्टर आज सामने आया है। इस फिल्म में अरशद वारसी डबल रोल में नजर आएंगे। अपने करियर में पहली बार अरशद किसी फिल्म में दोहरी भूमिका निभाएंगे। आज फिल्म का टीजर रिलीज किा गया है। जानिए कब रिलीज होगी अरशद की ये फिल्म?
टीजर में क्या है?
1 मिनट 16 सेकंड के इस टीजर में कॉमेडी और ड्रामा की पूरी झलक दिखती है। साथ ही दिखता है कि कैसे कॉमेडी ऑफ इरर्स से होता है पूरा हंगामा। टीजर की शुरुआत में दिखाया जाता है कि अरशद वारसी के एक किरदार की सड़क दुर्घटना में मौत हो जाती है। फिर अरशद का दूसरा किरदार अपने हमशक्ल की मौत का फायदा उठाकर बीमा की रकम हासिल करने की कोशिश करता है। लेकिन ये इतना आसान नहीं रहने वाला है। इस दौरान टीजर में कई तरह की मुश्किलें आती हैं, जो फिल्म में और भी विस्तार से देखने को मिलेंगी।
ऐसी है ‘जीवन भीमा योजना’ की कहानी
अरशद वारसी इस फिल्म में दो हमशक्ल व्यक्तियों की भूमिका निभा रहे हैं। उनकी जिंदगी अप्रत्याशित और खतरनाक तरीके से एक-दूसरे से जुड़ जाती है। इसके बाद शुरू होती है अपराध, धोखे और डार्क ह्यूमर से भरपूर घटनाएं। ‘जीवन भीमा योजना’ लालच, मजबूरी, प्यार और एक गलत फैसले के दूरगामी परिणामों की कहानी है।
फिल्म जीवन और उसकी पत्नी योजना के इर्द-गिर्द घूमती है, जो कर्ज के बोझ तले दबे हुए हैं। उनकी जिंदगी में तब बड़ा मोड़ आता है, जब उन्हें भीमा नाम का एक व्यक्ति मिलता है, जो हूबहू जीवन जैसा दिखता है।
दोनों एक ऐसी योजना बनाते ,हैं जिसमें जीवन की मौत का नाटक कर बीमा की रकम हासिल की जा सके। लेकिन यह आसान योजना तब बुरी तरह उलझ जाती है, जब मरा समझा गया व्यक्ति हीरे की तस्करी से जुड़े एक खतरनाक गिरोह से संबंध रखता हुआ निकलता है।
यह खबर भी पढ़ेंः ‘हम सभी गलतियां करते हैं’, शिल्पा शिंदे की आलोचना पर हिना खान ने ट्रोलर्स को दिया जवाब; फैंस से की ये अपील
पूरी हो चुकी है फिल्म की शूटिंग
अभिषेक डोगरा द्वारा निर्देशित ‘जीवन भीमा योजना’ अंशु मिश्रा द्वारा स्टार बीम वेंचर्स लिमिटेड के बैनर तले निर्मित है। इस फिल्म में अरशद वारसी के अलावा संजीदा शेख, विजय राज, पूजा चोपड़ा और बिजेंद्र काला जैसे कलाकार भी अहम किरदारों में नजर आएंगे। फिल्म की शूटिंग पूरी हो चुकी है। यह फिल्म मानसून 2026 में सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए तैयार है।