‘बिग बॉस 19’ का हर एपिसोड जैसे-जैसे आगे बढ़ रहा है, शो में झगड़े और ड्रामे का लेवल भी बढ़ता ही जा रहा है। अब मेकर्स ने जो नया प्रोमो जारी किया है, उसने फैंस के बीच तहलका मचा दिया है। इसमें मृदुल तिवारी और मालती चाहर के बीच ऐसी जोरदार बहस होती दिखी कि घर का माहौल ही बदल गया। अब तक बेहद शांत और संयमी दिखे मृदुल का ये रूप देखकर दर्शक भी हैरान हैं।
मृदुल और मालती की टक्कर से बढ़ा घर का तापमान
प्रोमो में दिखाया गया है कि एक टास्क के दौरान मालती चाहर, मृदुल को लगातार भड़काने वाली बातें कहती हैं। वो उन्हें पागल, बेवकूफ और चल हट जैसे शब्दों से चिढ़ाती हैं। शुरुआत में मृदुल इसे नजरअंदाज करने की कोशिश करते हैं, लेकिन जैसे ही बात बढ़ती है, उनका सब्र टूट जाता है।
मृदुल गुस्से में कहते हैं कि उन्होंने अब तक किसी को अपशब्द नहीं कहे, लेकिन अगर उन्होंने चाहा तो 'ऐसी गाली दूंगा कि सुनकर शर्म आ जाए।' इस पर भी मालती पीछे नहीं हटतीं और उन्हें लगातार ताने मारती रहती हैं- 'तेरा हो गया? अब बोल!' जिसके बाद मृदुल का गुस्सा फूट पड़ता है।
'अरे ओ हट... भूत बना दूंगा एक मिनट में'
जब बहस अपनी चरम सीमा पर पहुंचती है, तो मालती झुंझलाकर पूल के किनारे से उठकर जाती हैं और कहती हैं, 'अरे हट!' तभी मृदुल पलटकर कहते हैं, 'अरे ओ हट... भूत बना दूंगा एक मिनट में।' इसके बाद माहौल और भी बिगड़ जाता है। मालती उन्हें पागल कहती हैं, जिस पर मृदुल जवाब देते हैं, 'हां, पागल हूं मैं... तेरे जैसे 50 पागल बेच दूंगा एक मिनट में।' यह झगड़ा इतना तीखा था कि बाकी कंटेस्टेंट भी कुछ देर के लिए सन्न रह गए। प्रोमो देखकर लग रहा है कि अगला एपिसोड पूरी तरह इस भिड़ंत के नाम रहने वाला है।
शो में आया टर्निंग पॉइंट
गौरतलब है कि अब तक मृदुल को घर का सबसे शांत सदस्य माना जा रहा था। सलमान खान ने पिछले ‘वीकेंड का वार’ एपिसोड में भी उनसे कहा था कि वह शो में लगभग इनएक्टिव लगते हैं और कोई पहल नहीं कर रहे। उस दौरान मृदुल भावुक होकर रो पड़े थे और कहा था कि उन्होंने अभी तक किसी से झगड़ा नहीं किया। लेकिन मालती चाहर की एंट्री ने जैसे उनके अंदर का रूप ही बदल दिया। मालती की वाइल्ड कार्ड एंट्री के बाद घर में हलचल मच गई है। उन्होंने आते ही पहले तान्या मित्तल से भिड़ंत ली थी और अब मृदुल के साथ यह बहस शो के सबसे चर्चित पलों में से एक बन चुकी है।
दर्शकों की प्रतिक्रिया
सोशल मीडिया पर मृदुल और मालती की इस लड़ाई पर लोगों के रिएक्शन्स देखने को मिल रहे हैं। फैंस दो हिस्सों में बंटे नजर आ रहे हैं- कुछ मृदुल के शांत रहने की तारीफ कर रहे हैं तो कुछ कह रहे हैं कि अब असली ‘गेम मोड’ ऑन हो गया है। वहीं, कई यूजर्स ने बिग बॉस मेकर्स पर भी सवाल उठाया है कि क्या यह सब केवल टीआरपी के लिए किया जा रहा है।