फैंस को अब भोजपुरी सिनेमा के अपने चहेते स्टार्स के बारे में अधिक जानने को मिलेगा। क्योंकि ओटीटी प्लेटफॉर्म जीयोहॉटस्टार एक नया रियलिटी शो ला रहा है। इसमें फैंस को पवन सिंह, निरहुआ, आम्रपाली दुबे और काजल राघवानी जैसे स्टार्स की लाइफ को सीधे तौर पर बिना किसी ड्रामे के देखने को मिलेगा। यह शो सामान्य रियलिटी शोज से काफी अलग होने वाला है, क्योंकि इसमें कुछ भी स्क्रिप्टेड नहीं होगा, न ही पहले से तय की गईं लड़ाइयां होंगी और न ही कोई एलिमिनेशन देखने को मिलेगा। देखने को मिलेगा तो बस पवन सिंह और आम्रपाली दुबे व निरहुआ का सच। जानिए आखिर क्या है क्यों कही जा रहीं हैं ये बातें और क्या है 'भोजपुरी बवाल'?
जियोहॉटस्टार और कलर्स टीवी रियलिटी शो ‘भोजपुरी बवाल’ लेकर आ रहे हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस शो में भोजपुरी दुनिया के सुपरस्टार पवन सिंह, दिनेश लाल यादव 'निरहुआ', आम्रपाली दुबे, काजल राघवानी और उनके साथ तेज प्रताप यादव नजर आने वाले हैं।
यह शो इन सेलेब्स की पर्सनल और प्रोफेशनल लाइफ की अनदेखी झलक दिखाएगा। जिसमें उनके जीवन को बिना किसी ड्रामा या स्क्रिप्ट के दिखाया जाएगा। इस शो के जरिए फैंस अपने पसंदीदा सेलेब्स की असल जिंदगी और अनसुने पहलुओं से रूबरू हो सकेंगे।
ऐसे में अब दर्शक आम्रपाली दुबे और निरहुआ के रिश्ते के बारे में जानने को लेकर सबसे ज्यादा उत्सुक हैं। वहीं पवन सिंह की जिंदगी में भी कई राज और विवाद हैं, जिनसे पर्दा हटने की उम्मीद है।
दर्शकों को दिखेगी पूरी सच्चाई
यह शो बाकी के पारंपरिक रियलिटी शोज से काफी अलग होने वाला है, क्योंकि इसे एक 'फॉलो रियलिटी' फॉर्मेट में तैयार किया गया है। इसका मतलब यह है कि शो में आपको कोई स्क्रिप्टेड ड्रामा, पहले से तय की गई लड़ाइयां या फिर किसी भी तरह का एलिमिनेशन देखने को नहीं मिलेगा।
दर्शक इसे सीधा जस का तस देख सकेंगे। कैमरे इन सितारों की रोजमर्रा की जिंदगी को चुपचाप तरीके से दर्शकों तक पहुंचाएंगे। शो में एक तरफ जहां इन कलाकारों की शोहरत और फैंस के बीच उनके क्रेज को दिखाया जाएगा, वहीं दूसरी ओर पर्दे के पीछे की कड़वी सच्चाई भी सामने आएगी।
सामने आ चुकी है झलक
मेकर्स की ओर से शो की अलग-अलग झलकियां शेयर की जा चुकी हैं। एक क्लिप में जहां पवन सिंह और तेज प्रताप यादव एक बड़े से सिंहासन टाइप के सोफे पर बैठे नजर आ रहे हैं। वहीं दूसरी क्लिप में दिनेश लाल यादव 'निरहुआ' और आम्रपाली दुबे उसी सोफे पर विराजमान दिख रहे हैं। हालांकि, अभी तक शो की रिलीज डेट सामने नहीं आई है। लेकिन इसके कॉन्सेप्ट और प्रतिभागी सेलेब्स के नाम सामने आने के बाद, फैंस शो को लेकर काफी उत्साहित हैं।