पश्चिम बंगाल संयुक्त प्रवेश परीक्षा का आयोजन 17 जुलाई को होगा। यह परीक्षा 274 केंद्रों पर होगी। परीक्षा का आयोजन ऑफलाइन होगा। आपको बता दें कि सूबे में कोरोना की स्थिति में सुधार के बाद यह पहली मेजर परीक्षा होगी। इस बात की जानकारी बोर्ड के अध्यक्ष मलायेंदु साहा ने दी है। उन्होंने कहा कि अंडरग्रेजुएट इंजीनियरिंग कोर्सेस में दाखिले के लिए कुल 92,695 उम्मीदवार परीक्षा में शामिल होंगे।
उन्होंने कहा कि पहले यह परीक्षा 11 जुलाई को होनी थी, लेकिन इसे छह दिनों के लिए आगे बढ़ा दिया गया था। अब परीक्षा का आयोजन 17 जुलाई का संपन्न होगा। परीक्षा में बैठने वाले दो उम्मीदवारों की सीटों के बीच कम से कम 4-5 फीट की दूरी होगी। छोटी मेज पर एक अभ्यर्थी और बड़े मेज पर दो अभ्यर्थियों को बैठाया जाएगा ताकि सोशल डिस्टेंसिंग के नियम का पालन हो सके।
14 अगस्त तक जारी होगा संयुक्त प्रवेश परीक्षा का रिजल्ट
उन्होंने बताया कि पश्चिम बंगाल संयुक्त प्रवेश परीक्षा का रिजल्ट 14 अगस्त तक जारी होगा। वहीं, 15 सितंबर तक तीन चरणों में काउंसलिंग प्रक्रिया पूरी करने की योजना है। उन्होंने कहा कि इस साल इस परीक्षा में करीब 40 फीसदी अभ्यर्थी राज्य के बाहर से हैं। बोर्ड के अध्यक्ष मलायेंदु साहा ने कहा कि यह परीक्षा रविवार को आयोजित करने की सामान्य प्रथा के बजाय शनिवार को आयोजित की जा रही है।