फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

UPSC Civil Services Exam 2018 : परिणाम जारी, देश को मिले 759 नौकरशाह

Fri, 05 Apr 2019 09:34 PM IST
विवेक शुक्ला एजुकेशन डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
विज्ञापन
देश की सबसे प्रतिष्ठित सिविल सेवा परीक्षा 2018 का परिणाम संघ लोकसेवा आयोग ने शुक्रवार को जारी किया, इसके अनुसार देश को 759 नए नौकरशाह मिले हैं। इनमें से 577 पुरुष और 182 महिला अधिकारी बनेंगे। इनमें कनिष्क कटारिया ने प्रथम स्थान हासिल किया है। कनिष्क आईआईटी बॉम्बे से कंप्यूटर साइंस में इंजीनियरिंग कर चुके हैं। उन्होंने गणित विषय से यह परीक्षा पास की है और वे एससी वर्ग से हैं। वहीं महिला अभ्यर्थियों में सृष्टि जयंत देशमुख टॉपर रहीं, मुख्य सूची में वे पांचवें स्थान पर हैं। सृष्टि ने भोपाल के राजीव गांधी प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय से कैमिकल इंजीनियरिंग की है।

पूरा परिणाम यहां देखा और डाउनलोड किया जा सकता है

बता दें कि इस परीक्षा का आयोजन सितंबर-अक्टूबर 2018 में किया गया था। इसके बाद फरवरी-मार्च 2019 में पर्सनालिटी टेस्ट और साक्षात्कार का आयोजन किया गया था। आयोग ने नतीजे जारी करते हुए अपनी वेबसाइट पर सभी चयनित अभ्यर्थियों सूची जारी कर दी है।

ऐसे देखें अपना रिजल्टः

  • सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट upsc.gov.in पर जाएं।
  • इसके बाद लेटेस्ट नोटिफिकेशन के सेक्शन में UPSC Mains Result से जुड़े लिंक पर क्लिक करें।
  • उसके बाद पीडीएफ खुलेगी, जिसमें अपना नाम सर्च कर अपना रिजल्ट देख लें।
  • बता दें कि आयोग सिविल सेवा परीक्षा तीन चरणों प्रारंभिक (प्री), मुख्य (मेन) और इंटरव्यू की प्रक्रिया से उम्मीदवारों का फाइनल चयन करता है।

इस परीक्षा के जरिए

  • भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS)
  • भारतीय पुलिस सेवा (IPS)
  • भारतीय विदेश सेवा (IFS)
  • केंद्रीय सेवाएं तथा ग्रुप 'ए' व 'बी' के लिए चयन किया जाता है।
विज्ञापन
विज्ञापन

टॉप 25 में 15 पुरुष, 10 महिलाएं

श्रेष्ठ 25 स्थानों में 15 पर पुरुष व 10 पर महिला अभ्यर्थियों ने जगह बनाई है। वे इंजीनियरिंग, विज्ञान, अर्थशास्त्र, विधि, गणित, इतिहास, राजनीति विज्ञान, लोक प्रशासन और वाणिज्य विषयों से थे। इनमें से कई आईआईटी, एनआईटी, एनएलयू, बिट्स पिलानी, दिल्ली विवि, मुंबई विवि, अन्ना विवि और पुणे विवि के विद्यार्थी रहे हैं। सरकार द्वारा जारी सूचना में बताया गया है कि इन परीक्षाओं का प्राथमिक चरण जून 2018 में हुआ था। 

लिखित परीक्षाएं सितंबर व अक्तूबर 2018 और साक्षात्कार फरवरी व मार्च 2019 में लिए गए थे। पहले चरण की परीक्षा में कुल 10 लाख अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था, जिनमें से पांच लाख ने परीक्षा दी। इनमें से 10468 को लिखित परीक्षा के योग्य माना गया था। 1994 अभ्यर्थियों की व्यक्तित्व परीक्षा के रूप में साक्षात्कार के लिए चुने गए। 

इसके आधार पर बनी मेरिट लिस्ट के जरिए नियुक्तियां दी जाएंगी। सरकार ने विभिन्न पदों पर कुल 812 रिक्तियां बताई थीं। वहीं कुल 180 अभ्यर्थी आईएएस, 30 आईएफएस, 150 आईपीएस में चुने गए हैं। केंद्र सरकार के ग्रुप ए पदों पर 384 और ग्रुप सेवाओं में 68 को नियुक्ति दी जाएगी।

361 सामान्य व 398 आरक्षित वर्ग में चयन

चयन किए गए 759 अभ्यर्थियों में से 361 सामान्य वर्ग और बाकी 398 आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थी हैं। इनमें 209 ओबीसी, 128 एससी और 61 एसटी वर्ग के हैं।

106 रिजर्व लिस्ट में

सरकारी विभागों में रिक्त पदों के मुकाबले यूपीएससी ने 53 अधिकारी कम चुने हैं। वहीं मेरिट के आधार पर 106 अन्य अभ्यर्थियों की रिजर्व लिस्ट बनाए गई है। यह एक पूरक सूची है, कार्मिक विभाग से मांग आने पर इस सूची से नियुक्ति दी जा सकती हैं। पिछली परीक्षाओं की इस सूची में से 2018 में 66 और 2017 में 109 अभ्यर्थियों की नियुक्ति हुई थी।

पिछले वर्ष से 231 चयन कम

साल 2017 की परीक्षा में विभागों की 1058 रिक्तियों के मुकाबले 990 का चयन किया गया था। इस दफा 759 यानी 231 नियुक्तियां कम हुई हैं। वहीं 2016 की परीक्षा में 1209 रिक्तियों के मुकाबले 1099 का चयन किया गया था।

पद - कुल
आईएएस - 180
आईएफएस - 30
आईपीएस - 150
ग्रुप ए - 384
ग्रुप बी - 68
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें