नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने छात्रों के लिए ओएमआर शीट का एक नमूना जारी किया है ताकि यह अंदाजा लगाया जा सके कि नीट की उत्तर पुस्तिका कैसी दिखेगी। एनटीए द्वारा जारी नीट ओएमआर शीट में यह बताया जा रहा है कि मेडिकल अभ्यर्थी को परीक्षा के दौरान ओएमआर शीट को कैसे भरना है। नीट 2021 का आयोजन 12 सितंबर को देश-विदेश के 202 शहरों में पेन और पेपर मोड में होने जा रही है। यदि आपने भी इस परीक्षा के लिए आवेदन किया है तो यह खबर आपके लिए मददगार साबित हो सकती है।
विज्ञापन
Trending Videos
नीट में ओएमआर शीट कैसे भरें: एनटीए दिशा-निर्देश
नीट ओएमआर शीट में गोलो को भरने के लिए केवल नीले या काले बॉल प्वाइंट पेन का प्रयोग करें।
नीट ओएमआर शीट से छेड़छाड़ या उस पर कोई खरोंच न करें क्योंकि इनका मूल्यांकन कंप्यूटर सॉफ्टवेयर द्वारा किया जाता है और किसी भी खरोंच की वजह से यह अस्वीकृत हो सकता है।
आवेदकों को सलाह दी जाती है कि वे ओएमआर शीट पर और कुछ न लिखें या कोई विशिष्ट चिन्ह न बनाएं।
आवेदकों के नाम, उनके माता-पिता के नाम लिखने के लिए बॉक्स उपलब्ध कराए गए हैं।
नीट के लिए एनटीए ओएमआर शीट में एक डिक्लेरेशन कॉलम भी होता है। उम्मीदवारों को डिक्लेरेशन कॉलम में रनिंग हैंडराइटिंग में हस्ताक्षर करने होंगे।
नीट परीक्षार्थियों को यह सुनिश्चित करना होगा कि नीट के लिए ओएमआर शीट पर छपा कोड वही हो जो नीट 2021 टेस्ट बुकलेट पर है।
रोल नंबर, टेस्ट बुकलेट नंबर और टेस्ट बुकलेट कोड जैसी जानकारी भरने के लिए ओएमआर शीट में उत्तरों को चिह्नित करने के साथ-साथ विशिष्ट स्थान या बॉक्स दिए गए हैं।
उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे किसी भी प्रश्न के लिए एक से अधिक विकल्प न भरें क्योंकि हर प्रश्न का केवल एक ही सही उत्तर है।
नीट ओएमआर शीट में उत्तरों को प्रश्न के अनुरूप संख्या के सामने उपयुक्त स्थान पर अंकित किया जाना चाहिए।
नीट 2021 की ओएमआर शीट डाउनलोड करने के लिए छात्र नीट की आधिकारिक वेबसाइट nta.nic.in पर जा सकते हैं। यदि किसी उम्मीदवार को ओएमआर शीट डाउनलोड करने/जांचने में कठिनाई होती है तो वह 011-40759000 पर संपर्क कर सकता है या neet@nta.ac.in पर ई-मेल कर सकता है।