कृषि वैज्ञानिक भर्ती बोर्ड ( ASRB) ने अपनी संयुक्त प्रारंभिक परीक्षा 2021 को स्थगित कर दिया है। एआरएसबी ने राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा ( NET), कृषि अनुसंधान सेवा प्रारंभिक परीक्षा ( ARS) और वरिष्ठ तकनीकी अधिकारी ( STO) परीक्षा 2021 को स्थगित कर दिया है। इन परीक्षाओं को देने वाले अभ्यर्थी आधिकारिक वेबसाइट पर इनके स्थगित होने की अधिसूचना पढ़ सकते हैं। कृषि वैज्ञानिक भर्ती बोर्ड की ऑफिशियल वेबसाइट asrb.org है।
कृषि वैज्ञानिक भर्ती बोर्ड द्वारा जारी आधिकारिक नोटिस के अनुसार, कोविड -19 महामारी की वजह से पैदा हुई मौजूदा स्थिति के कारण राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा नेट 2021, कृषि अनुसंधान सेवा प्रारंभिक परीक्षा 2021 और वरिष्ठ तकनीकी अधिकारी परीक्षा के आयोजन को स्थगित किया जा रहा है। ये परीक्षाएं 21 जून से लेकर 27 जून के दौरान होने वाली थी। हालांकि, अभी इन परीक्षाओं की संशोधित तिथि के बारे में जानकारी नहीं दी गई है। आधिकारिक नोटिस में बताया गया है कि परीक्षाओं की संशोधित तिथियां बाद में जारी की जाएंगी। भर्ती बोर्ड परीक्षाओं से करीब 15 दिन पहले ऑफिशियल वेबसाइट पर परीक्षा की तिथि जारी करेगा।