मुखर्जी नगर इलाके की वारदात, प्राथमिकी दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। मुखर्जी नगर इलाके में गेट लाइट का आपूर्तिकर्ता बताकर कारोबारी से ठगी करने का मामला सामने आया है। जालसाज ने कारोबारी को सामान डिलीवर करने का झांसा देकर हजारों रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करवा लिए।
कई दिनों तक सामान नहीं मिलने और जालसाज की ओर से नंबर ब्लॉक किए जाने के बाद पीड़ित ने मुखर्जी नगर थाने में शिकायत की। पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी की पहचान में जुट गई है।जानकारी के मुताबिक, नरेश गुलाटी मुखर्जी नगर में रहते हैं। वह वीके लैंप के नाम से घर से लाइट और झूमर का व्यवसाय करते हैं। मुखर्जी नगर थाने में दर्ज प्राथमिकी में शिकायतकर्ता ने बताया कि उनके पास व्हाट्सएप नंबर से फोन आया। फोन करने वाले ने खुद को गेट लाइट का आपूर्तिकर्ता बताया। उसने बताया कि वह व्हाट्सएप के जरिए गेट लाइट आपूर्ति करता है। आरोपी ने व्हाट्सएप से उन्हें कुछ डिजाइन भेजे, जिनमें से कुछ को पसंद करने के बाद उसे ऑर्डर दिया। आरोपी ने सामान की कीमत साढ़े आठ हजार बताई। उसने अपनी यूपीआई आईडी का स्कैनर साझा किया। पीड़ित ने यूपीआई के जरिए ही भुगतान कर दिया।
पीड़ित ने बताया कि आरोपी ने अगले दिन तक सामान डिलीवर करने का वादा किया लेकिन सामान नहीं मिला। आरोपी ने उनके फोन नंबर को भी ब्लॉक कर दिया। ठगी का अहसास होने पर उन्होंने साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत की। उनकी शिकायत मुखर्जी नगर पुलिस स्टेशन में ट्रांसफर कर दी गई। मुखर्जी नगर थाना पुलिस ने उनके बयान पर 17 जून को धोखाधड़ी और ठगी का मामला दर्ज कर लिया। पुलिस उस बैंक खाते की जांच कर रही है, जिसमें पैसे ट्रांसफर किए गए हैं।