नई दिल्ली। सिरी फोर्ट ऑडिटोरियम में रविवार को प्रसिद्ध भक्ति संगीतकार अमला कृष्ण दास का ‘बरी वरी: कीर्तन कॉन्सर्ट’ आयोजित हुआ। इस कार्यक्रम में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। कीर्तन की गूंज से पूरा सभागार भक्ति और उल्लास के भाव में डूब गया।
हरे कृष्ण महामंत्र के शुद्ध उच्चारण के साथ भक्तों ने सामूहिक रूप से भक्ति, आनंद और शांति का अनुभव किया। कार्यक्रम की लोकप्रियता इतनी रही कि भारी मांग पर सिरी फोर्ट में इसकी दूसरी प्रस्तुति भी रखी गई। इससे पहले भी अमला कृष्ण दास के कॉन्सर्ट को जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली थी और इस बार उनका जादू दर्शकों के दिलों पर और गहराई से छा गया। अमला कृष्ण दास न केवल एक कीर्तन कलाकार हैं, बल्कि आईआईटी दिल्ली के पूर्व छात्र और जेएनयू के प्रोफेसर भी हैं। उनके इस परिवर्तनकारी कॉन्सर्ट में प्राचीन भक्ति संगीत और आधुनिक बीट्स का अनोखा संगम देखने को मिला। हरे कृष्ण महामंत्र के नॉनस्टॉप कीर्तन ने उपस्थित जनसमूह को आध्यात्मिक और भावनात्मक रूप से झकझोर दिया। कुछ घंटों की इस संगीतमय यात्रा ने न केवल तनाव और चिंता को दूर किया, बल्कि श्रोताओं में आंतरिक शांति और आनंद की लहर भी भर दी।