करीब साढ़े चार घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। सदर बाजार इलाके में पॉलीथीन व प्लास्टिक बोतल के गोदाम में आग लग गई। आग की लपटें और काला धुआं उठा तो मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि आग लगते ही इमारत में मौजूद लोग सुरक्षित बाहर निकल आए।
करीब साढ़े चार घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। बाद में सर्चिंग और कूलिंग का काम हुआ। शुरुआती जांच के बाद पुलिस आशंका जता रही है कि शार्ट सर्किट की वजह से आग लगी। क्राइम टीम व एफएसएल ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस मामला दर्ज कर आग की वजहों का पता लगाने का प्रयास कर रही है। इमारत में मौजूद कर्मचारियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। सीसीटीवी कैमरों से भी पड़ताल की जा रही है। पुलिस के मुताबिक, हादसा बुधवार रात करीब 9.23 बजे सदर बाजार थाने के नजदीक बनी 100 गज की इमारत में हुआ। ग्राउंड फ्लोर पर यहां गोदाम बने हैं। दूसरी मंजिल पर पॉलीथीन के सामान का गोदाम है जबकि तीसरी मंजिल पर प्लास्टिक की बोतल का गोदाम है। पुलिस व दमकल विभाग को खबर दी गई। सूचना मिलते ही दमकल की 6 गाड़ियों को भेजा गया। बाद में 12 और गाड़ियों को भेजा गया।
चांदनी महल के मकान में लगी आग
पुरानी दिल्ली के चांदनी महल मेन रोड पर 50 गज के मकान की चौथी मंजिल पर बृहस्पतिवार दोपहर 12.12 बजे आग लग गई। सूचना मिलते ही पुलिस के अलावा दमकल की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। आग मकान नंबर-825, मेन रोड पर लगी थी। आग लगते ही मकान मालिक व बाकी परिजन बाहर निकल आए थे। दमकल की चार गाड़ियों ने आग पर काबू पाया। घर में रखा सारा सामान जलकर खाक हो गया।