होडल। नेशनल हाइवे स्थित निजी स्कूल के व्हाट्सएप ग्रुप पर अश्लील वीडियो वायरल होने का मामला सामने आया है। स्कूल के संचालक ने अज्ञात लोगों के खिलाफ ग्रुप में वीडियो वायरल कर स्कूल की छवि को धूमिल करने की शिकायत पुलिस को दी हैं। पुलिस ने इस मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है।
बृहस्पतिवार को उच्चतम न्यायालय ने केंद्र सरकार को अश्लील वीडियो कंटेंट के मामले में जिम्मेदारी तय करने को लेकर आदेश जारी किए हैं। वहीं, शहर के निजी स्कूल के व्हाट्सएप ग्रुप को हैक कर अज्ञात लोगों ने अश्लील वीडियो वायरल कर दिए। अश्लील वीडियो वायरल होने के साथ ही आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया। स्कूल में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के परिजनों ने इस मामले की शिकायत स्कूल प्रबंधन कमेटी को दी। स्कूल प्रबंधन कमेटी ने व्हाट्सएप ग्रुप को बंद कर दिया। स्कूल प्रशासन ने घटना की जानकारी थाना पुलिस को दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी सोमपाल सिंह ने बताया कि इस मामले में साइबर पुलिस टीम जांच में जुटी हुई हैं।