ग्रेटर नोएडा। घोड़ी बछेड़ा गांव के निवासी बिजली कटौती से परेशान है। उनका आरोप है कि गांव में रोजाना तीन घंटे बिजली कटौती हो रही है। उमस भरी गर्मी में बिजली के बिना लोगों का बुरा हाल है। इसकी शिकायत एनपीसीएल से की है। वहीं एनपीसीएल ने कटौती से इन्कार किया है। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में एनपीसीएल के काफी कनेक्शन है। उसके बाद भी कंपनी यहां पर बिजली कटौती कर रही है। रोजाना सुबह 7 बजे बिजली काट दी जाती है। जबकि वह समय बच्चे के स्कूल जाने का होता है। साथ ही नौकरी पेशा लोगों को भी परेशानी हो रही है। वहीं एनपीसीएल के प्रवक्ता मनोज कुमार झा का कहना है कि रोजाना तीन घंटे बिजली आपूर्ति बंद होने का आरोप निराधार है। मेंटेनेंस कार्य के लिए या कांवड़ मार्ग पर काम करने के कारण किसी दिन यह समस्या आई होगी। ब्यूरो