- इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में 60वां आईएचजीएफ दिल्ली मेला ऑटम-2025 शुरू
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में सोमवार को 60वां आईएचजीएफ (इंडियन हैंडीक्राॅफ्ट एंड गिफ्ट फेयर) दिल्ली मेला ऑटम-2025 शुरू हो गया है। फिल्म विकास परिषद (उत्तर प्रदेश सरकार) के उपाध्यक्ष तरुण राठी ने मेले का उद्घाटन किया। समारोह में मुरादाबाद कुंदरकी के विधायक रामवीर सिंह और उद्योग व्यापार मंत्रालय के उप व्यापार आयुक्त डाॅ. एवगेनी ग्रिविया और रूसी संघ के सदस्यों ने भी भाग लिया है।
5 दिवसीय मेले के पहले दिन 3000 से अधिक प्रदर्शकों ने अपने उत्पादों को पेश किया है। साथ ही नॉलेज सेमीनार व सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन हुआ। फिल्म विकास परिषद (राज्य मंत्री स्तर) के उपाध्यक्ष तरुण राठी ने मेले को एक प्रमुख सोर्सिंग गंतव्य में बदलने के लिए ईपीसीएच को बधाई दी। जिसने वैश्विक खरीदारों, डिजाइनरों और उद्योग जगत को आकर्षित किया हैं। मेले में रूस और चीन के खरीदारों की उपस्थिति की सराहना की और कहा कि भारत की तुलना में अमेरिका ने चीन पर दोगुना टैरिफ लगा दिया है। इससे न केवल अमेरिकी खरीदार भारत से अपने विकल्पों को बढ़ाने के लिए प्रेरित हुए हैं, बल्कि भारतीय निर्यातकों के लिए चीन को एक महत्वपूर्ण बाजार बनाने के द्वार भी खोलता है। विधायक रामवीर सिंह ने 40 प्रतिशत उत्पाद मुरादाबाद क्षेत्र से होने पर प्रशंसा जाहिर की।
-
भारत के साथ संबंध फिर से हो रहे मजबूत
उद्घाटन समारोह में रूसी संघ के उद्योग और व्यापार मंत्रालय के उप व्यापार आयुक्त डा एवगेनी ग्रिविया ने मेले को हस्तशिल्प उद्योग को बढ़ावा देने का एक श्रेष्ठ माध्यम बताया और कहा कि मेला खरीदारों को विभिन्न जगह के नवाचार उत्पादों को अपने-अपने बाजारों के अनुसार खोजने का मौका देगा। यह जानकारियों को साझा करने, प्रेरणा लेने और नेटवर्किंग का भी एक महत्वपूर्ण मंच है। उन्होंने जोर देकर कहा कि भारत और रूस के बीच 70 साल पुराने व्यापारिक संबंध हैं। हालांकि कुछ वर्ष इन रिश्तों में कमियां आईं पर अब हम फिर से एक मजबूत शुरुआत कर रहे है।
-
अमेरिका के खरीदारों के संपर्क में निर्यातक
ईपीसीएच के अध्यक्ष डा नीरज खन्ना ने कहा कि हाल ही के महीनों में ईपीसीएच के प्रतिनिधिमंडल ने यूरोपीय मेलों में भाग लिया। वहां अंतरराष्ट्रीय खरीदारों से जुड़े हैं। मेले में 100 देशों के 3000 खरीदारों ने पंजीकरण कराया है। मेले में देश भर से थोक खरीदार व्यापार करने आ रहे हैं। हस्तशिल्प पर जीएसटी घटने से उन्हें मदद मिल रही है, इससे देश के भीतर व्यापार के विस्तार में भी मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि चीन से आयात पर अमेरिका अतिरिक्त आयात शुल्क लगा रहा है। इसका फायदा भारतीय निर्यातकों को मिलेगा।