मॉल के बेसमेंट की खुदाई में धंस गई सर्विस रोड
- फोटो : अमर उजाला
नोएडा के सेक्टर-73 में एक बड़ा हादसा टल गया, जब एक कामर्शियल प्लॉट पर निर्माणाधीन मॉल के लिए डबल बेसमेंट की खुदाई के दौरान सर्विस रोड धंस गई और एक बना हुआ नाला ढह गया। यह घटना रात के समय हुई, जब सड़क पर कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।
आस-पास रहने वाले निवासियों ने बिल्डर पर सुरक्षा मानकों का पालन न करने का गंभीर आरोप लगाया है। उनका कहना है कि खुदाई का काम बिना पर्याप्त सुरक्षा उपायों के किया जा रहा था और निर्माण स्थल के चारों ओर मजबूत बैरिकेडिंग तक नहीं लगाई गई थी।
घटना की सूचना मिलते ही नोएडा प्राधिकरण की एक टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। प्राधिकरण के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि गिरे हुए नाले और धंसी हुई सर्विस रोड का निर्माण बिल्डर द्वारा ही करवाया जाएगा।
इसके पहले ऐसी ही सड़क किनारे डबल बेसमेंट की खुदाई में डूब कर 16 जनवरी को सेक्टर-150 में सॉफ्टवेयर इंजीनियर युवराज की मौत हो गई थी। 8 अप्रैल को सेक्टर -94 में डबल बेसमेंट की खुदाई के बाद छोड़े गए प्लॉट में भरे पानी में डूब कर निजी यूनिवर्सिटी के छात्र की मौत हुई थी।