चिनैनी। कस्बे के वार्ड नंबर दो से बस स्टैंड तक बनाए गए वैकल्पिक मार्ग का कार्य पूरा किए जाने की मांग स्थानीय लोगों ने उठाई है। लोगों ने कहा कि बीते कुछ वर्ष पहले ग्रिड स्टेशन के निकट से कस्बे में वैकल्पिक मार्ग बनाया गया था जो आज भी कच्चा है और उस पर कोई भी विकास कार्य नहीं हो पाया है ।
स्थानीय निवासी जगदीश चंद्र, बिहारी लाल, राजदीप ने कहा कि वैकल्पिक मार्ग का लाभ कस्बे में काफी मिल सकता है। उन्होंने कहा कि बीते कुछ वर्ष पहले कस्बे में वैकल्पिक मार्ग की जरूरत को देखते हुए वैकल्पिक मार्ग को बस स्टैंड के साथ जोड़ दिया गया लेकिन उस पर आगे का काम अभी भी ठंडे बस्ते में है। उस वैकल्पिक मार्ग का लाभ वाहन चालकों को नहीं मिल पा रहा है, जिस कारण कस्बे में आए दिन जाम की समस्या उत्पन्न हो रही है । वैकल्पिक मार्ग के कार्य को पूरा किया जाना चाहिए ताकि कस्बे में आने वाले लोगों को जाम की समस्या से जूझना न पड़े और वह आसानी से कस्बे में खरीदारी भी कर सकें। लोगों ने प्रशासन से इस समस्या पर विशेष ध्यान देने की मांग की है।