शहीद दुर्गामल्ल पीजी कॉलेज में रजत जयंती समारोह के उपलक्ष्य में कार्यक्रम आयोजित
संवाद न्यूज एजेंसी
डोईवाला। शहीद दुर्गामल्ल पीजी कॉलेज में शनिवार को आयोजित गढ़ भोज और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने राज्य की समृद्ध संस्कृति को जीवंत कर दिया। रजत जयंती समारोह के उपलक्ष्य में आयोजित इस कार्यक्रम में पारंपरिक व्यंजनों की महक और लोक कलाओं की गूंज ने एक अविस्मरणीय छटा बिखेरी।
गृह विज्ञान विभाग की ओर से आयोजित गढ़ भोज में छात्राओं ने उत्तराखंड व्यंजन थेचवांणी, स्वांले, बेल्डी, रोटी, गहत की पूरी, झिंगोरे की खीर, भुज्जी, भात, हरी चटनी, आलु गुटक, अरबी, साग, कोदे की रोटी और तिल की चटनी तैयार कर परोसी। प्राचार्य डीपी भट्ट ने पाक कला की प्रशंसा की।
वहीं, सांस्कृतिक कार्यक्रम में राज्य की झलक दिखी। हिंदी विभाग के डॉ. संजीव नेगी ने पलायन, कृषि और पर्यटन पर चर्चा की। डॉ. अफरोज इकबाल ने राज्य निर्माण के संघर्षों को बताया। अनुराग भंडारी ने ऐतिहासिक और भौगोलिक महत्व के बारे में बताया।
छात्रसंघ अध्यक्ष अमित ने लोकगीत की प्रस्तुति दी। मुख्य अतिथि राज्य आंदोलनकारी पृथ्वीदत्त काला ने अपने अनुभवों को साझा किया। कहा कि यहां प्रत्येक व्यक्ति आकर स्वयं को गौरवान्वित महसूस करता है। कार्यक्रम में डॉ. पंकज पांडे, डॉ. अंजलि वर्मा, डॉ. राखी पंचोला, डॉ. पूनम रावत, वल्लरी, डॉ. सूरत सिंह, डॉ. कामना आदि मौजूद रहे।