यूपीएससी, यूपीपीसीएस, पीसीएस-जे, नीट एवं जेईई की कोचिंग के लिए विशेषज्ञों का होगा चयन
संवाद न्यूज एजेंसी
ग्रेटर नोएडा। मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के तहत यूपीएससी, यूपीपीसीएस, पीसीएस-जे, नीट और जेईई की निशुल्क कोचिंग करने के लिए प्रोफेसर और विषय के विशेषज्ञों का चयन किया जाएगा। इसे लेकर समाज कल्याण विभाग ने 15 जून तक आवेदन मांगे हैं। जिला समाज कल्याण अधिकारी सतीश कुमार ने बताया कि 15 जून तक आवेदन कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि यूपीएससी/यूपीपीसीएस और पीसीएस-जे परीक्षाओं के लिए भूगोल, इतिहास (भारत एवं विश्व), भारतीय समाज, भारतीय राजव्यवस्था एवं गवर्नेंस, अंतरराष्ट्रीय संबंध, भारतीय अर्थव्यवस्था, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, पर्यावरण एवं आपदा प्रबंधन, आंतरिक सुरक्षा, नीतिशास्त्र, यूपीपीसीएस पेपर-5, यूपीपीसीएस पेपर-6, हिंदी, सी-सैट तथा करेंट अफेयर्स विषयों के विशेषज्ञों की आवश्यकता है। इन विषयों के लिए विश्वविद्यालय अथवा राजकीय डिग्री कॉलेज के शिक्षक तथा आईएएस (मुख्य) परीक्षा अथवा पीसीएस (साक्षात्कार) अथवा दो बार पीसीएस (मुख्य) परीक्षा में सम्मिलित अभ्यर्थियों को विषय विशेषज्ञ चयन समिति की संस्तुति के आधार पर प्राथमिकता प्रदान दी जाएगी। इसके अलावा नीट और जेईई की तैयारी के लिए बॉटनी, ज्यूलॉजी, फिजिक्स, केमिस्ट्री और गणित के विशेषज्ञों की आवश्यकता है। नीट के लिए संबंधित विषय में प्रथम श्रेणी से एमएससी अथवा एमबीबीएस तथा जेईई के लिए प्रथम श्रेणी से एमएससी अथवा एमटेक डिग्री धारित अभ्यर्थियों का चयन समिति की अनुशंसा के आधार पर व्याख्याताओं के रूप में पैनल तैयार किया जाएगा।