- कैब से युवतियां जा रही थीं ऑफिस, कैब चालक गिरफ्तार
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। बॉटेनिकल गार्डेन से सेक्टर-128 ऑफिस जा रही चार युवतियों के साथ मैप लोकेशन को लेकर कैब चालक से विवाद हो गया तो चालक ने चारों युवतियों को बीच सड़क पर उतार दिया। इसके बाद चालक डंडा लेकर युवतियों को मारने के लिए दौड़ पड़ा। इसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस मामले में कोतवाली सेक्टर-39 पुलिस ने कैब चालक को गिरफ्तार कर लिया है। कैब को सीज भी कर दिया है।
गाजियाबाद की रहने वाली एक युवती ने इस मामले में कोतवाली सेक्टर-39 में मुकदमा दर्ज कराया है। इसमें बताया है कि वह बुधवार को संजय नगर गाजियाबाद घर से अपने चार सहेलियों के साथ सेक्टर 37 बॉटनिकल गार्डन मेट्रो स्टेशन उतरी। यहां से सेक्टर 128 स्थित ऑफिस जाने के लिए कैब बुक की। जब चारों कैब में बैठ गईं तब युवतियों ने लोकेशन लगाया और चालक से बोला कि वह अंडरपास से लेकर चले। यूटर्न लेने पर सेक्टर 37 चौकी के सामने जाम मिलता है। इसी बात को लेकर चालक व युवतियों के बीच कहासुनी होने लगी। इस पर चालक ने चारों युवतियों को सडक पार उतार दिया और किराया भी मांगने लगा। इस पर युवतियों ने विरोध जताया तब चालक एक रॉड निकालकर उन्हें मारने के लिए दौड़ा और गाली गलौज करने लगा। इसी दौरान किसी ने इस पूरी घटना का वीडियो बना लिया। इसके बाद एक युवती ने इस वीडियो को एक्स पर पोस्ट कर दिया। एसीपी प्रथम प्रवीण कुमार सिंह का कहना है कि इस मामले में कोतवाली सेक्टर-39 में मुकदमा पंजीकृत किया गया है और आरोपी कैब चालक फर्रुखाबाद निवासी बृजेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है।