नोएडा। बिजली उपभोक्ताओं की समस्याओं के समाधान के लिए जिले में चल रहे मेगा शिविर में अब तक 154 शिकायतों का निस्तारण किया जा चुका है। पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड की ओर से यह शिविर 30 जून तक नोएडा, दादरी, जेवर और दनकौर में आयोजित किए जा रहे हैं। अधीक्षण अभियंता (वाणिज्यिक) उमेश कुमार यादव ने बताया कि शिविरों में सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक उपभोक्ताओं की समस्याएं सुनी जा रही हैं। शनिवार को ही 78 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनका मौके पर समाधान किया गया। शिविर में स्मार्ट मीटर से जुड़ी समस्याएं, गलत बिल संशोधन, बिल रिवीजन, 1912 शिकायत पंजीकरण, मोबाइल नंबर अपडेट और यूपीपीसीएल स्मार्ट एप संबंधी जानकारी को प्राथमिकता से हल किया जा रहा है। विद्युत निगम का कहना है कि उपभोक्ताओं को बेहतर सुविधा देने और शिकायतों के त्वरित निस्तारण के उद्देश्य से यह अभियान चलाया जा रहा है। ब्यूरो