गुरुग्राम। अपराध शाखा मानेसर की पुलिस ने कासन गांव से छह जनवरी को पिकअप चोरी के मामले में कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को नौ जनवरी को गिरफ्तार किया है। आरोपियों को 10 जनवरी को अदालत में पेश करके तीन दिन के रिमांड पर लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान पुलिस ने आरोपियों से चोरी हुई पिकअप, वारदात में प्रयोग एक कार, एक पिस्टल, एक कारतूस, गाड़ी की टूल किट, एक टायर व एक म्यूजिक स्टीरियो बरामद किया है। आरोपियों की पहचान रायबरेली (उत्तर प्रदेश) के रोहिली निवासी नदीम (22), लखीमपुरी खीरी (उत्तर प्रदेश) के महनागपुर निवासी गुरमीत और गुरुग्राम के जखोपुर गांव निवासी लक्ष्मण के रूप में हुई है। तीन दिन के रिमांड के दौरान आरोपियों से पता चला कि आरोपी नदीम व गुरमीत चोरी करने व नशा करने के आदतन अपराधी हैं। उन्होंने पिकअप चोरी करने के बाद उसे आरोपी लक्ष्मण को 40 हजार रुपयों में बेच दिया था। आरोपी लक्ष्मण ने नदीम व गुरमीत को तीन हजार रुपये दे दिए थे। बकाया रुपये पिकअप को आगे बेचने के बाद दिए जाने थे। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि तीनों आरोपी का रिमांड पूरा होने के बाद 13 जनवरी को अदालत में पेश करके न्यायिक हिरासत में भोंडसी जेल भेज दिया है। पुलिस मामले की मामले की छानबीन कर रही है। ब्यूरो