वैकल्पिक सप्लाई के लिए बनेगा नया एक्शन प्लान
संवाद न्यूज एजेंसी
बादशाहपुर। सेक्टर-72 स्थित 220 केवी सब-स्टेशन में शुक्रवार रात तकनीकी खराबी आने के बाद रैपिड मेट्रो की बिजली व्यवस्था को लेकर बिजली निगम और हरियाणा विद्युत प्रसारण निगम सतर्क हो गया है। फॉल्ट के कारण रैपिड मेट्रो सेवा करीब 40 मिनट तक प्रभावित रही, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। घटना के बाद विभाग ने भविष्य में ऐसी स्थिति से बचने के लिए नया एक्शन प्लान तैयार करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
अधिकारियों के अनुसार रैपिड मेट्रो को निरंतर बिजली आपूर्ति देने के लिए अब दो अलग-अलग 220 केवी सब-स्टेशनों से सप्लाई उपलब्ध कराने की योजना बनाई जा रही है। इसके तहत यदि किसी एक सब-स्टेशन में तकनीकी खराबी आती है तो दूसरे स्टेशन से तुरंत बिजली आपूर्ति शुरू की जा सकेगी और मेट्रो सेवा बाधित नहीं होगी।
वर्तमान में सेक्टर-28 और सेक्टर-56 स्थित सब-स्टेशनों से बिजली आपूर्ति की व्यवस्था को मजबूत करने पर काम किया जा रहा है। शुक्रवार रात सेक्टर-72 सब-स्टेशन में सीटी से जुड़े सिस्टम में फॉल्ट आने के कारण आसपास के कई इलाकों में भी बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई थी। विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर खराबी को दूर किया जिसके बाद बिजली आपूर्ति बहाल की गई और रैपिड मेट्रो सेवा फिर से सामान्य हो सकी।