देशभर में 2,356 शिकायतों में 8.79 करोड़ रुपयों की साइबर ठगी का किया खुलासा
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। जिले की साइबर पुलिस ने साइबर ठगी के नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए 18 साइबर ठग गिरफ्तार किए। पुलिस ने आरोपियों से 17 मोबाइल व 16 सिम कार्ड बरामद किए थे। इंडियन साइबर क्राइम कोर्डिनेशन सेंटर से मोबाइल व सिम कार्ड के डाटा का अवलोकन व जांच की गई। जांच में पुलिस ने ठगों को गिरफ्तार करके देशभर में 2,356 शिकायतों व 18 मामलों में 8.79 करोड़ रुपयों की साइबर ठगी का खुलासा किया है।
साइबर अपराध थाना पश्चिम व दक्षिण की पुलिस टीमों ने साइबर ठगी मामलों में गहनता से जांच करते हुए नेटवर्क का पर्दाफाश किया। इन आरोपियों के खिलाफ देशभर में कुल 2,356 शिकायतें और 18 मामले दर्ज मिले। इनमें सात मामले हरियाणा के विभिन्न जिलों में दर्ज हैं। गुरुग्राम के साइबर अपराध थाना पश्चिम में तीन मामले व साइबर अपराध थाना दक्षिण में एक मामला दर्ज है। आरोपियों ने निवेश कराकर, इंस्टाग्राम सहित अन्य सोशल साइटों और लोन एप के माध्यम साइबर ठगी की वारदातों को अंजाम दिया था।
किसी भी अनजान व्यक्ति की कॉल, व्हाट्सएप या सोशल मीडिया मैसेज पर विश्वास न करें। सीबीआई, पुलिस, एनसीबी बताकर डिजिटल अरेस्ट करने वालों से सावधान रहें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करके अपनी शिकायत दर्ज कराएं ताकि साइबर ठगों पर तुरंत कार्रवाई की जा सके। - प्रियांशु दीवान, साइबर अपराध एसीपी, गुुरुग्राम।